मेरा जीवन समाज और देश के लिए समर्पित, न कांग्रेस से मतलब, न भाजपा से: अन्ना हजारे

Summary :

अहिल्यानगर, 11 नवंबर (आईएएनएस)। सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे ने कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ में अपने आंदोलन का उल्लेख किए जाने और उसकी आलोचना पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उनका किसी राजनीतिक दल से कोई संबंध नहीं है। वे न कांग्रेस के बारे में सोचते हैं और न ही भाजपा के बारे में। उनके लिए केवल समाज और देश का हित मायने रखता है। उन्होंने कहा कि मैंने अपना पूरा जीवन समाज और राष्ट्र की सेवा के लिए समर्पित किया है। अन्ना हजारे ने कहा कि उनके आंदोलन की वजह से आरएसएस और…

अहिल्यानगर, 11 नवंबर (आईएएनएस)। सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे ने कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ में अपने आंदोलन का उल्लेख किए जाने और उसकी आलोचना पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उनका किसी राजनीतिक दल से कोई संबंध नहीं है। वे न कांग्रेस के बारे में सोचते हैं और न ही भाजपा के बारे में। उनके लिए केवल समाज और देश का हित मायने रखता है। उन्होंने कहा कि मैंने अपना पूरा जीवन समाज और राष्ट्र की सेवा के लिए समर्पित किया है।

अन्ना हजारे ने कहा कि उनके आंदोलन की वजह से आरएसएस और भाजपा से जुड़े कई लोग अपने घर लौट गए थे। उन्होंने कहा कि मैं किसी राजनीतिक दल के बारे में नहीं सोचता। मेरे लिए सिर्फ समाज और देश मायने रखते हैं। इतनी संकीर्ण सोच रखना सही नहीं है। देश के बारे में सोचिए कि वह किस दिशा में जा रहा है और हमारे राष्ट्र की क्या हालत है। कांग्रेस और भाजपा से मेरा कोई लेना-देना नहीं है। अन्ना ने राजनीतिक दलों से अपनी आलोचना करने के बजाय देश और समाज के सामने मौजूद समस्याओं पर ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि देश में सूखे की स्थिति है और ऐसे समय में समाज के हित में काम करना जरूरी है। लोगों के पास संसाधनों की कमी नहीं है, इसलिए उन्हें देश और समाज की जरूरतों के लिए आगे आना चाहिए।

अन्ना हजारे ने अपनी पेंशन का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें जो पेंशन मिलती है, उसे भी वे सूखे से प्रभावित लोगों की मदद और इस समस्या पर खर्च करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि सभी लोगों को इसी तरह समाज और देश के बारे में सोचना चाहिए।

अपनी आने वाली किताब ‘अन्ना हजारे: ग्राम योगी’ के बारे में बात करते हुए उन्होंने बताया कि इस किताब में बचपन से लेकर अब तक के उनके जीवन और समाज के लिए किए गए कार्यों का उल्लेख होगा। उन्होंने लोगों से इस किताब को पढ़ने की अपील करते हुए कहा कि इससे उन्हें जीवन के बारे में सीखने का अवसर मिलेगा।

दूसरों की ओर से अपने बारे में लिखी जा रही बातों पर प्रतिक्रिया देते हुए अन्ना ने कहा कि इससे उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने पेड़ का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस पेड़ पर फल लगते हैं, लोग उसी पर पत्थर मारते हैं। उनका मानना है कि आलोचनाओं की परवाह किए बिना व्यक्ति को अपना कर्तव्य निभाते रहना चाहिए। उन्होंने दोहराया कि उनका जीवन समाज और देश की भलाई के लिए समर्पित रहा है और आगे भी वे इसी उद्देश्य से काम करते रहेंगे।

–आईएएनएस

पीएसके

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.