नई दिल्ली, 23 मार्च (आईएएनएस)। तेलंगाना के चेवेल्ला से भाजपा सांसद कोंडा विश्वेश्वर रेड्डी ने मिडिल ईस्ट के संघर्ष और उसके प्रभावों पर प्रतिक्रिया दी है। सांसद ने कहा कि यह सिर्फ मेरी इच्छा नहीं, बल्कि यह भारत की जनता की इच्छा है और निश्चित रूप से प्रधानमंत्री की भी यही इच्छा है कि यह युद्ध समाप्त हो जाए।
भाजपा सांसद कोंडा विश्वेश्वर रेड्डी ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, “ज्यादातर देशों का मानना है कि यह एक तर्कहीन युद्ध है, दो तर्कहीन लोगों के बीच एक अर्थहीन लड़ाई है। मुझे लगता है कि अब उन्हें (ट्रंप) भी इस बात का एहसास हो रहा है। मुझे उम्मीद है कि वे अब असलियत को समझेंगे और यहां तक कि अमेरिका के हित में भी, यह युद्ध जल्द से जल्द समाप्त होना चाहिए।”
युद्ध के प्रभावों पर उन्होंने कहा, “युद्ध के प्रभाव से अगर कोई एक देश बचा हुआ है, तो वह है भारत और यह प्रधानमंत्री मोदी की वजह से है। हम युद्ध के असर से सबसे ज्यादा बचे हुए हैं। आज कैलिफोर्निया में डीजल की कीमतें 6 डॉलर तक पहुंच गईं। अमेरिका के ज्यादातर हिस्सों में यह 4 डॉलर से अधिक है। यह लगभग 30 से 70 प्रतिशत की वृद्धि है। यहां हम सुरक्षित हैं। डीजल की कीमतों का किसानों पर प्रभाव नहीं पड़ रहा। दुनिया भर के किसान प्रभावित हो रहे हैं, क्योंकि वे ट्रैक्टर चलाते हैं और कृषि में डीजल एक बड़ा घटक है।”
भाजपा सांसद ने माना कि एलपीजी एक समस्या है। तुरंत नहीं, लेकिन अगर युद्ध जारी रहता है, तो यह समस्या बन सकती है। उन्होंने आगे कहा, “प्रधानमंत्री के पास योजनाएं हैं और हम सभी को सहयोग करना होगा। इसे राजनीतिक अवसरवाद की तरह इस्तेमाल करने के बजाय हमें मिलकर इसका सामना करना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियां हमेशा ‘राष्ट्र प्रथम’ की नीति रही हैं और यही वजह है कि पूरा देश उनकी ओर उम्मीद भरी नजरों से देखता है।”
कोंडा विश्वेश्वर रेड्डी ने कहा, “युद्ध के समय, बात सिर्फ बमों, सैनिकों या नौसेना की नहीं होती। यह एक वित्तीय और आर्थिक लड़ाई भी होती है, जिसमें पेट्रोलियम और पेट्रोडॉलर शामिल होते हैं। उन्होंने (पीएम मोदी ने) बिल्कुल सही कहा है कि अब हमारी ऊर्जा संपत्तियों को रणनीतिक संपत्ति माना जाएगा और उनके बारे में विस्तार से सार्वजनिक रूप से चर्चा नहीं की जाएगी, ठीक वैसे ही जैसे हम अपने हथियारों के बारे में जानकारी जाहिर नहीं करते।”
उन्होंने कहा, “अब एलपीजी और पेट्रोलियम एक हथियार बन गया है और हमें इसे सुरक्षित रखना होगा। सिर्फ भौतिक संसाधनों को ही नहीं, बल्कि भौतिक संसाधनों से जुड़ी जानकारी को भी सुरक्षित रखना होगा।”
भाजपा सांसद ने यह भी कहा कि जब लगभग पूरा यूरोप, दक्षिण अमेरिका और अन्य सभी लोग ट्रंप और उनकी टैरिफ की धमकी के सामने झुक गए, तो वे (पीएम नरेंद्र मोदी) ही एकमात्र नेता थे जिन्होंने खड़े होकर उनका सामना किया। उन्हें देखकर दूसरों ने हिम्मत पाई। अब वे सभी विश्व नेताओं के लिए प्रेरणा स्रोत बन गए हैं, चाहे वह डेनमार्क हो, यूके, इटली या फ्रांस, या दक्षिण अमेरिकी देश हों, सभी उनकी ओर देख रहे हैं।
–आईएएनएस
डीसीएच/
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



