Palamu में उग्रवादी गिरफ्तार, Latehar में पांच अपराधी हथियारों के साथ arrest

Summary :

पलामू में उग्रवादी से कारतूस बरामद, लातेहार में हथियारों के साथ पांच गिरफ्तार

झारखंड के पलामू और लातेहार जिलों की पुलिस को अपराधियों और उग्रवादियों के खिलाफ अभियान में बड़ी सफलता मिली है।

पलामू जिले की पुलिस ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी (टीएसपीसी) के हार्डकोर मेंबर उपेंद्र भुईयां को गिरफ्तार करते हुए उसके पास से कारतूसों का जखीरा बरामद किया है। जबकि, लातेहार जिले की पुलिस ने एक व्यवसायी पर फायरिंग की तैयारी कर रहे कुख्यात राहुल सिंह गिरोह के पांच अपराधियों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है।

पलामू की एसपी रिष्मा रमेशन ने गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि जिले के मनातू थाना क्षेत्र से गिरफ्तार इस उग्रवादी की निशानदेही पर 0.315 बोर की 652 गोलियां बरामद की गई हैं। उससे पूछताछ से कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं।

बताया गया कि एसपी को टीएसपीसी के हार्डकोर सदस्य उपेंद्र के अपने गांव नागद आने की सूचना मिली थी। उन्होंने एएसपी (ऑपरेशन) राकेश सिंह के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया, जिसने गांव पहुंचने वाले रास्ते पर निगरानी रखनी शुरू की।

बुधवार की शाम को एक व्यक्ति चादर ओढ़कर आता दिखा। पुलिस ने उसे आवाज देकर रुकने को कहा तो वह भागने लगा। इस पर पुलिस ने उसे दौड़ाकर पकड़ा। उसकी पहचान उपेंद्र भुईयां के रूप में हुई। इसके बाद उसकी निशानदेही पर पुलिस ने छिपाकर रखे गए कारतूसों का जखीरा बरामद किया।

दूसरी तरफ लातेहार जिले की पुलिस ने एक कारोबारी पर फायरिंग की योजना बना रहे कुख्यात राहुल सिंह गिरोह के पांच अपराधियों को गिरफ्तार करते हुए उनके पास से तीन बंदूकें और 13 गोलियां बरामद की।

गिरफ्तार अपराधियों में चंदवा निवासी वीरेंद्र गंझू, मुन्ना गंझू, उमेश गंझू, हेरहंज निवासी दिलीप उरांव और बारियातु निवासी विकास साहू शामिल हैं।

एसपी कुमार गौरव ने बताया कि राहुल सिंह के इशारे पर पूर्व में भी बालूमाथ निवासी एक कोयला व्यवसायी के घर पर गोलीबारी की गई थी। इसके अलावा एनएचएआई के कंस्ट्रक्शंस साइट पर इन अपराधियों ने फायरिंग की थी।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.