प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को रूसी राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन और चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग से यहां मुलाकात की और आतंकवाद निरोध और जलवायु परिवर्तन समेत महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की।
मोदी जी-20 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिये जापान के ओसाका में हैं। मोदी ने यहां आरआईसी (रूस-भारत-चीन) की अनौपचारिक बैठक के लिये दोनों नेताओं की मेजबानी की।
तीनों देशों ने रूस, भारत और चीन के विदेश मंत्रियों की 16 वीं बैठक की संयुक्त विज्ञप्ति में सभी रूपों में आतंकवाद की कड़ी निंदा की थी। प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी शुरूआती टिप्पणी में यहां कहा कि ओसाका में त्रिपक्षीय बैठक बड़े वैश्विक मुद्दों पर चर्चा और समन्वय का उपयोगी माध्यम है।
लंबे समय के बाद तीनों नेता पिछले साल अर्जेंटीना में शिखर बैठक में मिले थे। मोदी ने कहा, ‘‘दुनिया की अग्रणी अर्थव्यवस्था के तौर पर विश्व की आर्थिक, राजनीतिक और सुरक्षा स्थिति के लिये हमारे बीच विचारों का आदान-प्रदान महत्वपूर्ण है। हमारी आज हुई त्रिपक्षीय बैठक बड़े वैश्विक मुद्दों पर चर्चा और समन्वय का उपयोगी माध्यम है।’’
मोदी ने कहा, ‘‘चीन में फरवरी में हुई हमारे विदेश मंत्रियों की बैठक के दौरान कई मुद्दों पर चर्चा हुई थी। इसमें आरआईसी के तहत आतंकवाद निरोध, हिंसा एवं खतरे के अंतरराष्ट्रीय बिंदुओं, बहुपक्षवाद में सुधार, जलवायु परिवर्तन जैसे मुद्दों पर सहयोग शामिल है।’’
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने अपने ट्वीट में कहा, ‘‘साथ मिलकर वैश्विक चुनौतियों पर चर्चा कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूसी राष्ट्रपति पुतिन और चीनी राष्ट्रपति शी की ओसाका में ‘आरआईसी’ की अनौपचारिक बैठक की मेजबानी की। आतंकवाद निरोध, हिंसा एवं खतरे के अंतरराष्ट्रीय बिंदुओं के मुद्दों, बहुपक्षवाद में सुधार और जलवायु परिवर्तन के मुद्दे पर चर्चा की।


Download Android App
Download iOS App



