प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्र में मजबूत सरकार बनवाने की अपील करते हुए गुरूवार को कर्नाटक के मुख्यमंत्री एच डी कुमारस्वामी की ‘‘असहाय’’ सरकार की खिल्ली उड़ाई। कुमारस्वामी राज्य की कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन सरकार की अगुवाई कर रहे हैं। मोदी ने उत्तर कर्नाटक में एक रैली में कहा, ‘‘…यदि आप मजबूत सरकार देखना चाहते हैं तो दिल्ली में देखें; यदि आप असहाय सरकार देखना चाहते हैं तो कर्नाटक में देखें।’’ प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ‘‘असहाय’’ सरकार चाहती है और वोटरों को ‘‘असहाय’’ कुमारस्वामी को देखना चाहिए।
कुमारस्वामी के अक्सर भावुक हो जाने का मजाक उड़ाते हुए मोदी ने कहा कि यह ‘‘नाटक’’ है। मोदी ने कहा कि कांग्रेस सर्जिकल स्ट्राइक और पाकिस्तान के बालाकोट में आतंकी शिविरों पर वायुसेना के हमले को ‘‘हमारी जीत’’ मानने के लिए तैयार नहीं है। कांग्रेस और उसके सहयोगी राष्ट्रहित के बारे में नहीं, सिर्फ अपने हित के बारे में सोचते हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘…..विरोधियों ने गूगल पर खोजा कि बालाकोट कहां है और यह साबित करने में लग गए कि यह भारत में ही है। वे विश्वास ही नहीं कर सके कि भारत पाकिस्तान की सीमा में घुसकर हमला भी कर सकता है।’’ मोदी ने कहा कि 2008 के मुंबई हमलों के बाद कांग्रेस की अगुवाई वाली केंद्र सरकार ‘‘रोती फिर रही थी’’, लेकिन अब हालात बदल गए हैं। उन्होंने कहा, ‘‘….अब पाकिस्तान जहां भी जाता है, आप उसकी चीख सुनते हैं कि मोदी उन पर हमला कर रहा है।’’ मोदी ने दावा किया कि जब भी कांग्रेस के वजूद पर खतरा मंडराता है तो वह समाज को बांटने की कोशिश करती है।


Download Android App
Download iOS App



