भारतीय वायुसेना की ओर से पाकिस्तान स्थित बालाकोट में की गई एयर स्ट्राइक के बाद विपक्ष लगातार केंद्र की मोदी सरकार पर सवाल उठा रहा है। साथ ही ये सवाल कर रहा है कि एयर स्ट्राइक में कितने आतंकवादी मारे गए। ऐसे में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने आतंकियों के मारे जाने की संख्या बताई है। अमित शाह ने दावा किया कि वायुसेना की एयर स्ट्राइक में 250 से अधिक आतंकवादी मारे गए।
गुजरात के अहमदाबाद में एक रैली में अपने भाषण के दौरान अमित शाह ने दावा किया कि पुलवामा आतंकी हमले के बाद हर किसी को लगता था कि इस बार सर्जिकल स्ट्राइक नहीं हो सकती है, लेकिन क्या हुआ? पुलवामा आतंकी हमले के 13वें दिन की गई मोदी सरकार की एयरस्ट्राइक में 250 से अधिक आतंकी मारे गए हैं।
उन्होंने कहा कि जब विंग कमांडर अभिनंदन को पकड़ा गया तो लोग आलोचना करने लगे, लेकिन युद्ध है तो एक जवान पकड़ा भी जा सकता है। शाह ने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार का प्रभाव ऐसा था कि विश्व में सबसे जल्द कोई युद्ध कैदी वापस आया है, तो वह अभिनंदन है।
कांग्रेस नेता ने शाह को घेरा
भाजपा अध्यक्ष के बयान पर कांग्रेस नेता मनीष तिवारी ने सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि जब वायुसेना के अधिकारियों ने किसी भी तरह के आंकड़े को बताने से इनकार किया था, तो फिर अमित शाह इस तरह का बयान क्यों दे रहे हैं। क्या ये एयरस्ट्राइक को राजनीति से जोड़ना नहीं हुआ।
बता दें कि 26 फरवरी को पाकिस्तान की सीमा में घुसकर भारतीय वायुसेना ने जैश-ए-मोहम्मद के ठिकानों को तबाह किया था। वायुसेना ने अपने बयान में कहा था कि उनके निशाने टारगेट पर लगे हैं, जो वो करना चाहते थे वो किया है। हालांकि, किसी तरह का आंकड़ा जारी नहीं किया था। वही, एयर स्ट्राइक के बाद से ही कांग्रेस समेत कई विपक्षी पार्टियों के नेताओं ने इसपर (एयर स्ट्राइक) के सबूतों की मांग की है।


Download Android App
Download iOS App





