कोरोना वायरस संक्रमण का पता लगाने के लिए 3 जून की सुबह तक 40 लाख से अधिक नमूनों की जांच की चुकी है। देश में संक्रमण के मामलों की संख्या दो लाख से अधिक हो जाने के बीच केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह जानकारी दी है। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद के अधिकारियों ने बताया कि बुधवार सुबह नौ बजे तक 41,03,233 नमूनों की जांच की जा चुकी है जिनमें से 1,37,158 नमूनों की जांच मंगलवार सुबह नौ बजे के बाद हुई है।
480 सरकारी और 208 निजी प्रयोगशालाओं (688 प्रयोगशाला) की मदद से जांच की क्षमता बढ़कर 1.4 लाख प्रतिदिन हो गई है। सूत्रों ने बताया कि इस क्षमता को प्रतिदिन दो लाख तक बढ़ाया जा रहा है। देश में बुधवार सुबह आठ बजे तक कोरोना वायरस संक्रमण के सबसे अधिक 8,909 नये मामले सामने आए, जिसके बाद देश में इस घातक वायरस से संक्रमित लोगों की कुल संख्या बढ़कर 2,07,615 हो गई, जबकि 217 और लोगों की मौत हो जाने के बाद मृतक संख्या बढ़कर 5,815 हो गई।
देश में लगातार चौथे दिन 8,000 से अधिक नए मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश में 1,01,497 लोगों का अभी उपचार चल रहा है और अब तक 1,00,302 लोग स्वस्थ हो चुके हैं जिनमें से 4,776 मरीज पिछले 24 घंटे में ठीक हुए हैं। एक व्यक्ति देश से बाहर जा चुका है।
मंत्रालय ने बताया कि अब तक 48.31 फीसदी मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। संक्रमित लोगों की मृत्यु दर 2.80 प्रतिशत है। देश में बीमारी से निपटने के लिए 952 अस्पताल कोरोना वायरस के मरीजों का उपचार कर रहे है जिनमें पृथक-वास में रखे गए मरीजों के लिए 1,66,332 बिस्तर हैं। इन अस्पतालों में 21,393 आईसीयू बिस्तर और मरीजों को ऑक्सीजन दिए जाने की सुविधा से युक्त 72,762 बिस्तर हैं।
इसके अलावा 2,391 स्वास्थ्य केंद्र कोरोना वायरस मरीजों का उपचार कर रहे हैं, जिनमें पृथक-वास में रखे गए मरीजों के लिए 1,34,945 बिस्तर हैं। साथ ही 11,027 आईसीयू बिस्तर और 46,875 ऐसे बिस्तर हैं, जिनमें मरीजों को ऑक्सीजन दिए जाने की सुविधा है। केंद्र ने राज्यों, केंद्रशासित प्रदेशों और केंद्रीय संस्थाओं को 125.28 लाख एन95 मास्क और 101.54 व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (पीपीई) मुहैया कराए हैं।


Download Android App
Download iOS App



