मुंबई, 16 मार्च (आईएएनएस)। बॉलीवुड की एक दिग्गज फिल्म डायरेक्टर, कोरियोग्राफर, प्रोड्यूसर और लोकप्रिय अभिनेत्री फराह खान अपने यूट्यूब चैनल और व्लॉग्स को लेकर सुर्खियों में बनी रहती हैं। फराह खान के वीडियो में लोगों को उनके कुक दिलीप कुमार के साथ उनका बॉन्ड और नोकझोंक वाली मस्ती काफी पसंद आती है।
इसी के साथ लोगों को वीडियो में फराह की मशहूर हस्तियों और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के साथ मजेदार और अनफिल्टर्ड बातचीत के साथ उनके द्वारा शेयर की गई अलग-अलग डिश की रेसिपी बहुत पसंद आती है। यही वजह है कि उनके अधिकांश वीडियो पर मिलियन में व्यूज आते हैं।
फराह ने सोमवार को यूट्यूब चैनल पर एक नया वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर, मॉडल, डांसर और अभिनेता फैसल शेख के घर पर नजर आ रही है, जिन्हें लोग मिस्टर फैजू के नाम से जानते हैं।
फराह के इस नए वीडियो में आपको मिस्टर फैसू के स्टाइलिश घर, उनके लग्जरी शूज, घड़ी और परफ्यूम का कलेक्शन देखने को मिलेगा। वीडियो में फराह फैजू के परिवार और उनकी अम्मी से मिलते और मजेदार बातें करते हुए नजर आ रही हैं।
वीडियो में आपको फैजू की प्रेरक यात्रा और ‘द 50’ शो के रोमांचक पलों के बारे में जानने को मिलेगा। बातचीत के दौरान फराह ने फैंस के साथ शेयर किया कि उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल पर सेलेब्स के साथ पहला वीडियो फैजू, दीपिका कक्कड़ और शोएब इब्राहिम के साथ शूट किया था, जिस पर काफी अच्छे व्यूज आए थे। लोगों ने इस कंटेंट को काफी पसंद किया।
फराह से बात करते हुए टिकटॉक स्टार ने बताया कि उनका सपना हमेशा से खुश रहने का था, लेकिन फैंस ने उन्हें धीरे-धीरे स्टार बना दिया। वीडियो में आगे आपको फैजू की कुकिंग स्किल और इसी के साथ कई मजेदार बातें जानने को मिलेगा।
बता दें कि मिस्टर फैजू ने लोगों के बीच पहचान बनाने का सिलसिला टिकटॉक से शुरू किया था। वो ‘टीम 07’ के साथ वीडियो बनाकर स्टार बने। फिलहाल, फैजू 1 फरवरी से कलर्स टीवी और जियो सिनेमा/हॉटस्टार पर शुरू हुए नए रियलिटी शो ‘द 50’ में एक प्रतिभागी के रूप में नजर आ रहे हैं। इसके पहले भी उन्होंने खतरों के खिलाड़ी, झलक दिखला जा और लाफ्टर शेफ जैसे लोकप्रिय रिएलिटी शो में काम किया है।
–आईएएनएस
डीके/डीकेपी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



