हमें पीएम मोदी पर विश्वास है, भारत में कोई मुश्किल पैदा नहीं होगी : चिराग पासवान

Summary :

नई दिल्ली, 24 मार्च (आईएएनएस)। मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध का असर भारतीय राजनीति में भी देखने को मिल रहा है। जहां पीएम मोदी ने सदन में अपना संबोधन देकर देशवासियों को बताया कि भारत की इस स्थिति से निपटने के लिए क्या तैयारियां हैं, वहीं, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने ऐसे समय में भी विदेश नीति को लेकर सरकार पर तंज कसा। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने पलटवार करते हुए कहा कि विपक्ष को अभी एकता दिखानी चाहिए, राजनीति करने के लिए यह वक्त ठीक नहीं है। मुझे विश्वास है कि पीएम मोदी के नेतृत्व में…

नई दिल्ली, 24 मार्च (आईएएनएस)। मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध का असर भारतीय राजनीति में भी देखने को मिल रहा है। जहां पीएम मोदी ने सदन में अपना संबोधन देकर देशवासियों को बताया कि भारत की इस स्थिति से निपटने के लिए क्या तैयारियां हैं, वहीं, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने ऐसे समय में भी विदेश नीति को लेकर सरकार पर तंज कसा।

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने पलटवार करते हुए कहा कि विपक्ष को अभी एकता दिखानी चाहिए, राजनीति करने के लिए यह वक्त ठीक नहीं है। मुझे विश्वास है कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत में किसी भी तरह की कोई मुश्किल नहीं आएगी।

नई दिल्ली में मीडिया से बातचीत के दौरान केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि पीएम मोदी ने बहुत साफ तौर पर कहा है कि दुनिया की मौजूदा स्थिति को देखते हुए, कम से कम इस मुद्दे पर तो एकता दिखाना जरूरी है। इस समय, जब सरकार देश का नेतृत्व कर रही है, यह राजनीति करने का समय नहीं है। पीएम मोदी ने हर मुद्दे पर साफ तौर पर कहा है कि हमें हर स्थिति में आत्मनिर्भर होना चाहिए। अगर विपक्ष को हर समय आरोप ही लगाते रहना है, तो मुझे लगता है कि लोकतंत्र के लिए यह एक गलत तरीका है। हम हर स्थिति के लिए तैयार हैं।

उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार किसी भी तरह की मुश्किल पैदा नहीं होने देगी। पीएम मोदी का मूलमंत्र रहा है कि हमें हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर होना होगा। आने वाले समय में चुनौती बढ़ती है तो सरकार क्या सोचती है, सरकार ने क्या-क्या कदम उठाएं हैं, पीएम मोदी ने सभी चीजों को विस्तार से राज्यसभा में बताया है। लेकिन, ऐसे में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को शिकायत करनी है तो यह गलत है।

केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने कहा कि पीएम मोदी ने राज्यसभा को संबोधित किया और युद्ध के कारण उत्पन्न मौजूदा स्थिति पर बात की। अपने बयान में, उन्होंने डीजल, पेट्रोल, कुकिंग गैस और उर्वरकों जैसी जरूरी चीजों पर पड़ने वाले असर पर चर्चा की। इस संघर्ष ने वैश्विक सप्लाई चेन और कीमतों को कैसे प्रभावित किया है, और इन चुनौतियों से निपटने तथा नागरिकों की मदद करने के लिए सरकार द्वारा उठाए जा रहे कदमों पर प्रकाश डाला। कोविड जैसी स्थिति में भी भारत ने विजय हासिल की है।

उन्होंने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि वे कभी भी गंभीरता नहीं दिखाते हैं। उन्हें पीएम मोदी का सम्मान करना चाहिए। मिडिल ईस्ट युद्ध से दुनिया के देशों में क्या स्थिति है और भारत की क्या स्थिति है। इसे भी दुनिया देख रही है।

भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि विपक्ष के नेता सदन में मौजूद नहीं थे, तो फिर किस आधार पर इस तरह के बयान दिए जा रहे हैं। सोमवार को जब देश के प्रधानमंत्री अपना बयान दे रहे थे, तो कथित तौर पर वे बाहर थे। हरियाणा में घूम रहे थे। नेता प्रतिपक्ष पूरे विपक्ष का प्रतिनिधित्व करते हैं, फिर भी इस जिम्मेदारी के बावजूद वे सदन से अनुपस्थित थे। संकट तो मिडिल ईस्ट का आज भी बरकरार है। देश को पीएम ने आश्वस्त किया है कि भारत संकट से निपटने के लिए क्या-क्या कदम उठाएगा।

शिवसेना सांसद मिलिंद देवड़ा ने कहा कि उनकी पार्टी महाराष्ट्र से लेकर दिल्ली तक, केंद्र सरकार के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। पीएम मोदी का धन्यवाद करना चाहते हैं, उन्होंने देश की आम जनता को भरोसा दिलाया है कि मिडिल ईस्ट के हालात से हमें घबराने की जरूरत नहीं है।

–आईएएनएस

डीकेएम/एबीएम

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.