नई दिल्ली, 8 अक्टूबर (आईएएनएस)। बजरंग दल ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ हो रहे प्रदर्शनों को लेकर अपनी स्थिति साफ की है। संगठन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा है कि वह देश में किसी भी तरह के अराजक प्रदर्शन का हमेशा विरोध करता रहा है।
बजरंग दल ने ‘एक्स’ पर पोस्ट में लिखा, “देश में किसी भी प्रकार के अराजक प्रदर्शन का बजरंग दल सदा विरोध करता रहा है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की आड़ में हो रहे ऐसे प्रदर्शनों का भी बजरंग दल विरोध करता है।”
संगठन ने साथ ही उन खबरों का खंडन किया है जिनमें कहा जा रहा था कि बजरंग दल के कार्यकर्ता जंतर-मंतर पर जुटने वाले हैं। बजरंग दल ने कहा, “कुछ लोग जंतर मंतर पर बजरंग दल कार्यकर्ताओं के आने के भ्रामक दुष्प्रचार में जुटे हैं जबकि बजरंग दल की ओर से ऐसी कोई योजना नहीं है। वैसे भी, जन समर्थन के अभाव में यह कथित आंदोलन, पूर्व की भांति अपनी स्वाभाविक मौत मरने वाला है।”
बता दें कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ हो रहे प्रदर्शनों के पीछे कई कारण बताए जा रहे हैं। पहला कारण एसआईआर के तहत मतदाता सूची में गड़बड़ी का आरोप है। विपक्षी दलों और प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि एसआईआर अभियान के दौरान मतदाता सूची से बड़ी संख्या में वैध मतदाताओं के नाम हटा दिए गए हैं।
दूसरा कारण चुनाव आयुक्तों की आपत्तियों की अनदेखी से जुड़ा है। एक मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया था कि अन्य चुनाव आयुक्तों सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने चुनाव आयोग के कुछ फैसलों पर 10 महीने में 14 बार आपत्तियां दर्ज कराई थीं। आरोप है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने इन आपत्तियों को नजरअंदाज किया।
इस पूरे विवाद को लेकर सुप्रीम कोर्ट में भी याचिका दायर की गई है। याचिका में आरोप लगाया गया है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ने अन्य सदस्यों की मंजूरी के बिना कई अहम फैसले लिए हैं। फिलहाल चुनाव आयोग की ओर से इन आरोपों पर आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है। वहीं, बजरंग दल ने साफ कर दिया है कि उसका इस तरह के प्रदर्शनों से कोई लेना-देना नहीं है।
–आईएएनएस
वीकेयू/पीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



