मुंबई के भांडुप इलाके में हिट-एंड-रन, 71 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत

Summary :

मुंबई, 4 सितंबर (आईएएनएस)। मुंबई के भांडुप इलाके में हिट-एंड-रन की एक घटना सामने आई है। यहां तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से गंभीर रूप से घायल 71 वर्षीय बुजुर्ग महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतका की पहचान जयवंती नामदेव पांचाल के रूप में हुई है। घटना के बाद आरोपी बाइक चालक मौके से फरार हो गया। भांडुप पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा भांडुप वेस्ट के क्वारी रोड पर हुआ। शिकायतकर्ता संजय नामदेव पांचाल ने पुलिस को बताया कि वह बीएमसी…

मुंबई, 4 सितंबर (आईएएनएस)। मुंबई के भांडुप इलाके में हिट-एंड-रन की एक घटना सामने आई है। यहां तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से गंभीर रूप से घायल 71 वर्षीय बुजुर्ग महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतका की पहचान जयवंती नामदेव पांचाल के रूप में हुई है। घटना के बाद आरोपी बाइक चालक मौके से फरार हो गया। भांडुप पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा भांडुप वेस्ट के क्वारी रोड पर हुआ। शिकायतकर्ता संजय नामदेव पांचाल ने पुलिस को बताया कि वह बीएमसी कर्मचारी हैं और काजू टेकडी, भांडुप वेस्ट में अपने परिवार के साथ रहते हैं। बुधवार शाम करीब 5:30 बजे उनकी मां जयवंती नामदेव पांचाल घर के पास स्थित मंदिर में दर्शन के लिए जा रही थीं। इसी दौरान क्वारी रोड पर पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बुजुर्ग महिला सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद आरोपी चालक अपनी बाइक के साथ मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल महिला को संभाला और पास के अस्पताल में पहुंचाया। प्राथमिक जांच के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें क्रिटी केयर अस्पताल रेफर कर दिया।

क्रिटी केयर अस्पताल में डॉक्टरों ने बुजुर्ग महिला को बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिवार में मातम पसर गया।

घटना की सूचना मिलते ही भांडुप पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शिकायतकर्ता संजय पांचाल के बयान के आधार पर अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। क्वारी रोड पर लगे कैमरों की मदद से बाइक के नंबर और चालक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने स्थानीय लोगों से भी पूछताछ शुरू कर दी है।

–आईएएनएस

पीआईएम/पीएम

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.