Mumbai Navy Nagar Family Death: एक तरह जहां देश 15 अगस्त को आजादी का जश्न मना रहा था, तभी मुंबई के कफ परेड इलाके के नेवी नगर में एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतकों में भारतीय नौसेना में तैनात 30 वर्षीय नाविक पुरनमल शंभूलाल मेहरा, उनकी 28 वर्षीय पत्नी ओमा और उनके दो छोटे बच्चे शामिल हैं। परिवार नौसेना के सरकारी क्वार्टर में रहता था।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने बताया कि पुरनमल का शव कमरे में फंदे से लटका हुआ मिला, जबकि उनकी पत्नी ओमा और दोनों बच्चों के शव बेड पर पड़े थे। मृत बच्चों में तीन साल का बेटा यश और सिर्फ दो महीने की बेटी शामिल थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद कफ परेड पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मुंबई के जे.जे. अस्पताल भेज दिया। मामले की जांच में फोरेंसिक टीम को भी शामिल किया गया।
घर से नहीं मिला सुसाइड नोट
पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, पुरनमल ने फांसी लगाकर जान दी। वहीं, उनकी पत्नी और दोनों बच्चों की मौत जहर खाने की वजह से हुई है। लेकिन, पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। वहीं जे.जे. अस्पताल में हुए पोस्टमार्टम में पुरनमल की मौत फांसी की वजह से दम घुटने से हुई है। वहीं ओमा और दोनों बच्चों की मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। डॉक्टरों ने केमिकल और फोरेंसिक रिपोर्ट आने तक इस मामले में अपनी अंतिम राय सुरक्षित रखी है।
जांच के दौरान पुलिस को घर से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। फोरेंसिक टीम ने पूरे घर की तलाशी ली, लेकिन वहां से कोई संदिग्ध जहरीला पदार्थ भी बरामद नहीं हुआ। ऐसे में पुलिस के सामने अब यह पता लगाना बड़ी चुनौती है कि आखिर परिवार के चारों सदस्यों की मौत कैसे हुई।
वैवाहिक विवाद की भी जांच
पुलिस की पूछताछ में परिवार के बीच पिछले कुछ समय से विवाद की जानकारी सामने आई है। बताया गया कि पुरनमल और ओमा की शादी करीब 4 से 5 साल पहले हुई थी। दोनों के बीच अक्सर कहासुनी और विवाद होने की बात कही जा रही है। पुलिस के मुताबिक, करीब एक हफ्ते पहले ओमा के पिता उन्हें वापस घर ले जाने के लिए मुंबई आए थे। उस दौरान पुरनमल ने कहा था कि अगर ओमा जाना चाहती हैं तो जा सकती हैं, लेकिन वह बच्चों को अपने साथ नहीं ले जा सकतीं। अब पुलिस इस विवाद को भी घटना से जोड़कर देख रही है और पिछले कुछ दिनों के घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना से पहले पुरनमल के पिता ने उन्हें फोन किया था। कई बार कॉल करने के बावजूद जब कोई जवाब नहीं मिला तो उन्होंने नौसेना के कंट्रोल रूम को इसकी सूचना दी। इसके बाद नौसेना के अधिकारी पुरनमल के सरकारी क्वार्टर पहुंचे। वहां परिवार के चारों सदस्य मृत मिले। अधिकारियों ने तुरंत कफ परेड पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
राजस्थान का रहने वाला था परिवार
पुरनमल का परिवार मूल रूप से राजस्थान का रहने वाला था। उनका छोटा भाई भी भारतीय नौसेना में कार्यरत है और घटना की जानकारी मिलने के बाद शव लेने मुंबई पहुंचा। पुलिस ने फिलहाल दुर्घटनावश हुई मौत का मामला यानी ADR दर्ज किया है। पुलिस परिवार के रिश्तेदारों, पड़ोसियों और अन्य जानने वालों से पूछताछ कर रही है। साथ ही पोस्टमार्टम, केमिकल और फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
भारतीय नौसेना ने इस घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। नौसेना की ओर से कहा गया है कि मामले की जांच में पुलिस और अन्य संबंधित एजेंसियों को हर संभव सहयोग दिया जा रहा है। पुलिस की जांच और फोरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही परिवार के चारों सदस्यों की मौत की वजह सामने आएगी।
यह भी पढ़ें: झारखंड: सीजीएल परीक्षा गड़बड़ी केस में जेएसएससी कार्यालय में सीआईडी ने मारा छापा, सचिव से पूछताछ



Download Android App
Download iOS App




