Honeymoon Horror: पीरियड्स आने पर पति ने की मारपीट, गला दबाकर हत्या की कोशिश; गोरखपुर की नवविवाहिता का आरोप

Summary :

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर का नवविवाहित जोड़ा हनीमून मनाने अंडमान पहुंचा था। आरोप है कि पत्नी को मासिक धर्म शुरू होने और तेज दर्द के कारण तबीयत बिगड़ने पर पति नाराज हो गया। महिला का आरोप है कि पति ने उसके साथ मारपीट की और गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की।

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर का एक नवविवाहित जोड़ा हनीमून मनाने के लिए अंडमान गया था। जहां पत्नी ने अपने पति पर मारपीट करने और गला घोंटकर जान से मारने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। पत्नी ने आरोप लगाया कि हनीमून के दौरान पीरियड्स आने पर मारपीट और गला दबाकर मारने की कोशिश की। पत्नी का कहना है कि मासिक धर्म आने के कारण तेज दर्द होने लगा। उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। आरोप है कि इस बात से महिला का पति काफी नाराज हो गया और उसने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।

होटल कर्मचारियों ने जैसे-तैसे बचाया

पीड़िता के अनुसार, महिला की चीखें सुनकर होटल के कर्मचारी तुरंत वहां पहुंच गए। जब उन्होंने दरवाज़ा खटखटाया, तो कथित तौर पर पति ने उसे छोड़ दिया। महिला का कहना है कि इस घटना के बाद, उसके पति ने उसके पिता को फोन किया और उनसे अपनी बेटी को ले जाने के लिए कहा; उसने साफ तौर पर कहा कि वह अपनी पत्नी के साथ और नहीं रहना चाहता। महिला के आरोपों के अनुसार, इस घटना के दौरान उसे मानसिक और शारीरिक तकलीफ झेलनी पड़ी।

शादी के बाद दहेज को लेकर बवाल

महिला ने 30 मई, 2023 को दिल्ली के रहने वाले निखिल मिश्रा से शादी की। उसका आरोप है कि शादी से पहले उसके ससुराल वालों ने भारी भरकम दहेज की मांग की थी। महिला के मायके से ससुराल पक्ष को लगभग ₹20 लाख नकद, एक कार और अन्य सामान दिया गया था। महिला का कहना है कि ससुराल पहुंचने के बाद भी उसे दहेज को लेकर ताने मारे जाते थे। हनीमून से लौटने पर उसने ससुराल वालों को पूरी आपबीती सुनाई, लेकिन उसका आरोप है कि उनलोगों ने भी काफी परेशान किया।

शादी के 45 दिन बाद निकाला गया ससुराल से!

महिला के अनुसार, शादी के करीब 45 दिन बाद उसे ससुराल से बाहर का रास्ता दिखाया गया। इसके बाद महिला के पिता ने मामला सुलझाने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि उनके साथ भी ससुराल वालों ने मारपीट की। महिला का कहना है कि ससुराल वालों ने मेरा सामान भी वापस नहीं किया और पति लगातार धमकियां दे रहा है। लगभग तीन साल तक पुलिस स्टेशन के चक्कर लगाने के बाद, उन्होंने रामगढ़ताल पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने उनके पति निखिल मिश्रा, सास संजू मिश्रा और ननद नेहा पांडे के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Shivangi Shandilya

शिवांगी शांडिल्य पत्रकारिता में पिछले 2 वर्षों से सक्रिय हैं। राजनीति, विदेश, क्राइम के अलावा आद्यात्मिक खबरें लिखना पसंद हैं। गलगोटिया विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई पूरी की है। IGNOU से मास्टर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई जारी है। इस दौर में वेबसाइट पर लिखने का कार्य जारी है। पत्रकारिता की शुरुआत इंडिया न्यूज़ (इनखबर) से हुई, जहां बत्तौर हिन्दी सब-एडिटर के रूप में वेबसाइट पर काम किया। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में जन्म लेने वाली शिवांगी की शिक्षा उनके गृह जिले में ही हुई है। शिवांगी को राजनीतिक घटनाक्रम पर आलेख लिखना बेहद पसंद है।