मोदी ने दुनिया में जमा दी है भारत की धाक : नकवी

Summary :

केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हर दिल अजीज नेता हैं और उन्होंने दुनिया में भारत की धाक जमा दी है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हर दिल अजीज नेता हैं और उन्होंने दुनिया में भारत की धाक जमा दी है। उत्तर प्रदेश के रामपुर में रविवार को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना और सहायता चेक वितरण समारोह में किसानों को संबोधित करते हुये नकवी ने कहा कि पीएम मोदी के विदेश दौरों का नतीजा है कि लगभग सभी देशों के भारत से गहरे दोस्ताना रिश्ते बन गये हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की नीति से देश की अर्थव्यवस्था मजबूत हुई है और भारत विरोधी ताकतों को मुंह की खानी पड़ी है। केंद्रीय मंत्री ने यह भी कहा कि मोदी सरकार इकबाल, इंसाफ और ईमानदार सरकार साबित हुई है और उसने बिना भेदभाव समाज के हर तबके की तरक्की का रास्ता तैयार किया है।

pm modi

उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधा और कहा कि संसद से सड़क तक कुछ दल नकारात्मक माहौल बनाने की कोशिश करते रहे लेकिन मोदी सरकार बड़े और कड़े फैसले लेने में नहीं हिचकी। उन्होंने बेईमानों और बिचौलयों की भूमिका खत्म की और जरूरतमंदों को उनका हक दिलाया। नकवी ने किसानों को संबोधित करते हुये कहा कि आतंकवाद पर हमारी जीरो टॉलरेंस की नीति है और बीते पांच साल में कश्मीर के बाहर कहीं भी कोई आतंकवादी हमला नहीं हुआ है।

पूर्व की सरकारें छोटी-छोटी चीजों के लिए किसानों को तरसाती थीं : PM मोदी

उन्होंने कहा कि आतंकवादियों के समर्थक हताश और निराश हैं और पाकिस्तान आज दुनिया में अलग-थलग पड़ गया है। केंद्रीय मंत्री ने यह भी कहा कि मोदी सरकार ने गांव, गरीब, किसान और नौजवान के विकास के लिये काम किया और पांच साल के कार्यकाल में किसानों और ग्रामीणों के जीवनस्तर में बदलाव आया है।

नकवी ने बताया कि मोदी सरकार के कार्यकाल में 24 फसलों के एमएसपी में रिकॉर्ड डेढ़ गुना वृद्धि हुयी है। इसके अलावा 16 करोड़ से ज्यादा सॉयल हेल्थ कार्ड दिये गये। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के जरिये देश के करोड़ किसानों की मदद का काम भी शुरू किया गया है। उन्होंने उम्मीद जतायी कि सरकार के इन प्रयासों से 2022 तक किसानों को दोगुनी आमदनी होने लगेगी।

Desk Team