पटना, 23 अगस्त (आईएएनएस)। वंदे मातरम विवाद, जेन-जी और राहुल गांधी के युवा संवाद को लेकर बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव सहित कई नेताओं की प्रतिक्रिया सामने आई है।
आईएएनएस से बातचीत करते हुए रामकृपाल यादव ने कहा कि ‘वंदे मातरम’ गीत का पूरा गीत गाया जाएगा; हम इसकी स्वागत करते हैं। ‘वंदे मातरम’ में देश की जनता की आत्मा है। ‘वंदे मातरम’ गीत से केवल देशभक्ति का ही इजहार नहीं किया जाता है, बल्कि करोड़ों लोगों को जोड़ने का काम भी होता है। कांग्रेस की ओर से कहा जाता है कि आंदोलन की मुहीम में हमारी प्रमुख भूमिका थी, लेकिन ‘वंदे मातरम’ का पूरा छंद नहीं गाकर दो छंद में खत्म करने का जो निर्णय लिया, यह अशोभनीय है।
राहुल गांधी की ओर से युवा संवाद किए जाने को लेकर रामकृपाल यादव ने कहा कि राहुल गांधी की ओर से खुद को स्थापित करने की कोशिश की जा रही है लेकिन जनता ने उनको और उनकी पार्टी को रिजेक्ट कर दी है। राहुल गांधी की ओर से मनुस्मृति की बात की जा रही है, आजादी के 60 वर्षों से भी अधिक कांग्रेस का शासन रहा है। भेदभाव को समाप्त करना इन्हीं की सरकार का दायित्व था। लउनकी सरकार की ओर से खाई को पाटा नहीं गया बल्कि उसको बढ़ाने का काम किया गया।
रामकृपाल यादव ने आगे कहा कि राहुल गांधी देश की जनता को ठग रहे हैं। कांग्रेस पार्टी ने तुष्टिकरण की राजनीति की है। इसलिए वे अपनी पार्टी की ओर से किए गए पाप को मिटाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन मिटने वाला नहीं है।
आईएएनएस से बातचीत करते हुए राहुल गांधी के बयान पर बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि जब उनकी पार्टी को मौका मिलता है तो वे कुछ करते नहीं हैं। जिन राज्यों में उनकी पार्टी (कांग्रेस) या महागठबंधन की सरकारें हैं, उन राज्यों में महिलाओं के उत्थान के लिए राहुल गांधी ने क्या कदम उठाया है। हमारी ओर से बिहार में महिलाओं को पंचायतों और नगर निकायों के चुनावों में 50 प्रतिशत का आरक्षण दिया गया। हमारी ओर से सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 35 प्रतिशत आरक्षण दिया गया। बिहार पुलिस में लड़कियां 30 हजार से ज्यादा हो गई हैं। हमको मौका मिला तो काम करके दिखाया।
मंत्री श्रवण कुमार ने ‘वंदे मातरम’ मामले को लेकर कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों के लिए कोई गीत गाई जाती है तो उसका सम्मान करना चाहिए। भाजपा की ओर से जेन-जी की समस्याओं को जानने के लिए तैयार की गई कमेटी को लेकर श्रवण कुमार ने कहा कि समस्या चाहे जिनकी (जेन-जी, किसान, नौजवान) भी हो, सरकार सभी की समस्याओं को सुनती है और अलग-अलग तरीके की समस्याओं को सुनने के लिए राज्य सरकार भी काम कर रही है। अगर कोई राजनीतिक पार्टी इसमें बढ़-चढ़ कर हिस्सा लेती है, हमारा मानना है कि इसका स्वागत होना चाहिए।
जदयू नेता राजीव रंजन ने ‘वंदे मातरम’ मामले को लेकर कहा कि कांग्रेस विचारहीनता के उस दौर से गुजर रही है, जहां राष्ट्रीय आंदोलन के महत्वपूर्ण क्षणों को राजनीति की भेंट चढ़ाने में कोई गुरेज नहीं है। ‘वंदे मातरम’ पर जो अनावश्यक टकराव है, जब यह देश का कानून बन चुका है और इसका मानना सभी के लिए बाध्यकारी है। वैसी स्थिति में दो छंद गाने के लिए कांग्रेस ने जो ये हठ लगातार जारी रखा है, यह दुर्भाग्यपूर्ण है।
राहुल गांधी की ओर से युवाओं को संबोधित करने को लेकर राजीव रंजन ने कहा कि कुछ लोगों को संबोधित करने से राहुल गांधी युवाओं का दिल नहीं जीत पाएंगे। 2014 के पहले ज्यादातर कांग्रेस की ही सरकारें रही हैं। जिस पार्टी की 50 वर्षों तक सरकारें बनीं, उन्होंने युवाओं और महिलाओं के लिए क्या किया है? युवा समझ रहे हैं कि उनकी समस्याओं को नरेंद्र मोदी की सरकार और पार्टी समझ रही है।
–आईएएनएस
एसडी/पीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



