पंजाब केसरी की पॉडकास्ट सीरीज में इस बार 2015 बैच के आईआरपीएस ऑफिसर और पंचकूला नगर निगम के कमिश्नर विनय कुमार ने शिरकत की। इस दौरान उन्होंने महेंद्रगढ़ के एक साधारण ग्रामीण परिवार से लेकर सिविल सर्विसेज तक के अपने संघर्ष भरे सफर और पंचकွဲ शहर के विकास से जुड़े कई अहम मुद्दों पर खुलकर बातचीत की।
संघर्षों से सिविल सेवा तक का सफर
कमिश्नर विनय कुमार ने बताया कि वह एक लोअर मिडिल क्लास परिवार से ताल्लुक रखते हैं, जहां उनके पिता साइकिल मैकेनिक थे। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा ग्रामीण इलाके से ही पूरी की। इसके बाद YMCA इंस्टिट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग, फरीदाबाद से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बीटेक किया। परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण उन्होंने कॉलेज के दूसरे साल से ही बच्चों को ट्यूशन पढ़ाना शुरू कर दिया था, जिससे वह अपनी फीस और खर्च पूरे करते थे। उन्होंने कहा कि लगन और स्मार्ट वर्क की बदौलत उन्होंने एसएससी सीजीएल और फिर यूपीएससी की परीक्षा में सफलता हासिल की।
डंपिंग जोन की समस्या का समाधान
लंबे समय से विवादों में रहे झूरीवाला डंपिंग जोन को पूरी तरह से साफ कर वहां प्लांटेशन कर दी गई है। अब कूड़े को अलीपुर के सेकेंडरी कलेक्शन पॉइंट पर शिफ्ट किया गया है, जहां से इसे रोजाना प्रोसेस के लिए अंबाला भेजा जाता है। पर्यावरण मानकों का पूरा ध्यान रखते हुए लीचेट जैसी समस्याओं से निपटने के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
मानसून और जलभराव से मुकाबला
सेक्टर 19 जैसे निचले इलाकों और शहर में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए इस बार मानसून से पहले ही जेटिंग मशीनों के जरिए नालों और रोड गुलियों की सफाई कराई गई है, जिससे इस बार जलभराव की स्थिति काफी हद तक नियंत्रित रही है। सड़कों के गड्ढों (पोटहोल्स) को भरने के लिए ‘सेल्माक बैग्स’ का इस्तेमाल किया जा रहा है और बारिश के बाद सड़कों की री-कार्पेटिंग का काम तेजी से शुरू होगा।
नया निगम कार्यालय जल्द
नगर निगम के बिखरे हुए कार्यालयों और बिल्डिंग के लंबे समय से लंबित मामले पर कमिश्नर ने राहत भरी खबर दी है। नई ऑफिस बिल्डिंग के लिए सरकार से मंजूरी मिल चुकी है और इसका टेंडर लाइव कर दिया गया है। उम्मीद है कि अगले 1 से 1.5 महीने में टेंडर प्रक्रिया पूरी कर काम शुरू कर दिया जाएगा और एक साल के भीतर नया भवन तैयार हो जाएगा।
अतिक्रमण पर सख्ती और वेंडर्स के लिए व्यवस्था
सेक्टर 20, 25 और 11 जैसे बाजारों में विशेष अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया गया है। रेहड़ी-फड़ी वालों के लिए वार्ड पार्षदों की मदद से वैकल्पिक जगहें तय की गई हैं ताकि उनका रोजगार भी चलता रहे और शहर में अनुशासन भी बना रहे।
प्रॉपर्टी टैक्स पर बड़ी राहत और सख्त चेतावनी
नागरिकों की सुविधा के लिए 31 अगस्त 2026 तक प्रॉपर्टी टैक्स का एरियर जमा करवाने पर इंटरेस्ट पर 75% की भारी छूट दी जा रही है। लोग नए और पुराने टैक्स स्लैब में तुलना कर अपने अनुकूल विकल्प चुन सकते हैं। वहीं, जो लोग लगातार टैक्स जमा करने से बच रहे हैं, उनके खिलाफ दूसरे नोटिस जारी कर दिए गए हैं और जल्द ही संपत्तियों को सील करने की सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यहां देखें पॉडकास्ट:


Download Android App
Download iOS App




