14 अक्टूबर को होगा कोरोना संक्रमित व कंटेनमेंट जोन के छात्रों का NEET एग्जाम, SC ने दी अनुमति

Summary :

सुप्रीम कोर्ट ने उन छात्रों को परीक्षा देने की इजाजत दे दी है जो कि कोरोना संक्रमित थे या फिर कंटेनमेंट जोन में रहने के कारण नीट परीक्षा में नहीं बैठ सके थे।

सुप्रीम कोर्ट ने उन छात्रों को परीक्षा देने की इजाजत दे दी है, जो कि कोरोना संक्रमित थे या फिर कंटेनमेंट जोन में रहने के कारण नीट परीक्षा में नहीं बैठ सके थे। ये छात्र 14 अक्टूबर को परीक्षा देंगे वहीं दूसरी तरफ नीट का रिजल्ट 16 अक्टूबर को जारी होगा। उम्मीद की जा रही थी कि मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट का रिजल्ट सोमवार या मंगलवार को जारी हो जाएगा लेकिन सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले के कारण छात्रों को 16 अक्टूबर तक का इंतजार करना पड़ेगा। 
नीट रिजल्ट से कुछ घंटो पहले या फिर रिजल्ट के साथ ही फाइनल आंसर-की भी जारी हो सकती है। रिजल्ट निकलने के बाद परीक्षार्थी अपना रिजल्ट एनटीए नीट की आधिकारिक वेबसाइट ntaneet.nic.in पर चेक कर सकते हैं। बता दें कि नीट परीक्षा देशभर में 13 सितंबर को पेन पेपर मोड में आयोजित हुई थी। इस परीक्षा के लिए कुल 15.97 लाख उम्मीदवारों ने रजिस्ट्रेशन करवाया था। इनमें से 85 फीसदी से 90 फीसदी परीक्षार्थियों ने एग्जाम दिया था। 
कयास लगाए जा रहे हैं कि इस बार नीट कट ऑफ ज्यादा ऊपर जा सकती है क्योंकि स्टूडेंट्स की संख्या ज्यादा थी। साथ ही कोरोना के चलते परीक्षा टलने की वजह से स्टूडेंट्स को तैयारी के लिए काफी ज्यादा टाइम मिल गया था। इसके अलावा प्रश्न पत्र भी तुलनात्मक आसान बताया गया था। इस परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाले परीक्षार्थियों को देश के सरकारी और प्राइवेट मेडिकल कॉलेजों में संचालित एमबीबीएस व बीडीएस कोर्सेज में एडमिशन मिलेगा। 

Desk Team