नीट सहित अन्य परीक्षाओं की धांधली से नेताओं का रिश्ता: जीतू पटवारी

Summary :

भोपाल, 13 मई (आईएएनएस)। कांग्रेस की मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने नीट परीक्षा 2026 के प्रश्न पत्र के लीक होने पर केंद्र और भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षा में होने वाली गड़बड़ी से भाजपा नेताओं का रिश्ता रहता है, मगर कार्रवाई कर्मचारियों पर होती है। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि लगभग 24 लाख विद्यार्थियों ने नीट परीक्षा दी, लेकिन एक बार फिर पेपर लीक और धांधली ने मेहनतकश विद्यार्थियों और उनके परिवारों के सपनों को तोड़ दिया। उन्होंने कहा कि यह पहली…

भोपाल, 13 मई (आईएएनएस)। कांग्रेस की मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने नीट परीक्षा 2026 के प्रश्न पत्र के लीक होने पर केंद्र और भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षा में होने वाली गड़बड़ी से भाजपा नेताओं का रिश्ता रहता है, मगर कार्रवाई कर्मचारियों पर होती है।

मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि लगभग 24 लाख विद्यार्थियों ने नीट परीक्षा दी, लेकिन एक बार फिर पेपर लीक और धांधली ने मेहनतकश विद्यार्थियों और उनके परिवारों के सपनों को तोड़ दिया। उन्होंने कहा कि यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी 2017 और 2021 सहित कई परीक्षाओं में इस प्रकार की घटनाएं सामने आती रही हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की कार्यप्रणाली में राजनीतिक जिम्मेदारी से बचने की प्रवृत्ति शामिल है। हर बार सरकार और भाजपा नेताओं को बचाकर पूरा दोष कर्मचारियों और अधिकारियों पर डाल दिया जाता है। उन्होंने कहा कि देश में जितनी भी बड़ी परीक्षा धांधलियां हुई हैं, उनमें किसी न किसी रूप में भाजपा से जुड़े लोग, कार्यकर्ता या राजनीतिक संरक्षण सामने आया है। भाजपा की विचारधारा शिक्षा व्यवस्था में हस्तक्षेप कर अपने लोगों को विभिन्न संस्थानों में स्थापित करने का प्रयास करती है।

उन्होंने कहा कि इस बार नीट प्रकरण में पकड़े गए व्यक्ति के परिजनों को पूर्व की परीक्षाओं में चयन मिला था, जिससे पूर्व की परीक्षाओं की निष्पक्षता पर भी गंभीर सवाल खड़े होते हैं। पटवारी ने कहा कि एक मध्यम वर्गीय परिवार अपने बच्चे को डॉक्टर बनाने के लिए वर्षों तक संघर्ष करता है। माता-पिता अपनी जरूरतें काटकर लाखों रुपए कोचिंग पर खर्च करते हैं, लेकिन सरकार की नीतियां और भ्रष्ट व्यवस्था उन सपनों को नष्ट कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि देश की पूरी परीक्षा प्रणाली और ऑनलाइन प्रक्रियाओं में लगातार हेराफेरी हो रही है। सरकार लोकतांत्रिक संस्थाओं और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। पटवारी ने आरोप लगाया कि भाजपा शासित राज्यों में सर्वाधिक पेपर लीक और भर्ती घोटाले सामने आए हैं। उत्तर प्रदेश, गुजरात, हरियाणा, उत्तराखंड और मध्य प्रदेश में लगातार पेपर लीक की घटनाएं हुईं, लेकिन दोषियों तक कभी निष्पक्ष जांच नहीं पहुंच सकी, क्योंकि उन्हें राजनीतिक संरक्षण प्राप्त था।

उन्होंने विशेष रूप से मध्य प्रदेश के व्यापम घोटाले का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा शासन में युवाओं के भविष्य को व्यवस्थित तरीके से बर्बाद किया गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस पूरे मामले की कड़ी निंदा करती है और देश के अभिभावकों से अपील करती है कि वे समझें कि उनके बच्चों के भविष्य के साथ कितना बड़ा अन्याय हुआ है। कांग्रेस पार्टी युवाओं, रोजगार, शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर व्यापक रणनीति तैयार कर रही है।

–आईएएनएस

एसएनपी/डीकेपी

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.