Netaji Subhas Chandra Bose Jayanti 2026: देश के महान स्वतंत्रता सेनानी, आजाद हिंद फौज के संस्थापक और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर कांग्रेस के प्रमुख नेताओं ने उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत कई नेताओं ने सुभाष चंद्र बोस के क्रांतिकारी नारों, देशभक्ति और सांप्रदायिकता विरोधी रुख को विशेष रूप से याद किया।
PM Modi ने कुछ ऐसे किया महान स्वतंत्रता सेनानी को याद
सुभाष चंद्र बोस की जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि नेताजी का जीवन और आदर्श उन्हें हमेशा प्रेरित करते रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने इस अवसर पर नेताजी से जुड़ी कई यादों और सरकार की ओर से किए गए अहम प्रयासों का उल्लेख किया। प्रधानमंत्री मोदी ने ‘ई-ग्राम विश्वग्राम योजना’ का जिक्र करते हुए कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने मुझे हमेशा बहुत प्रेरित किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “23 जनवरी 2009 को ई-ग्राम विश्वग्राम योजना शुरू की गई थी। यह गुजरात के आईटी सेक्टर को बदलने के मकसद से शुरू की गई एक अनोखी योजना थी।”
Netaji birth anniversary: कांग्रेस ने कुछ इस तरह किया नेताजी को याद
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने एक्स पोस्ट में लिखा, “‘जय हिंद’ और ‘तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आजादी दूंगा’ जैसे ओजस्वी नारों के जरिए देशवासियों में देशप्रेम और क्रांति की चेतना जगाने वाले महान स्वतंत्रता सेनानी, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष तथा हमारे प्रेरणास्रोत नेताजी सुभाष चंद्र बोस जी की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन। मातृभूमि के प्रति उनका अद्वितीय प्रेम और समर्पण, साथ ही सांप्रदायिकता के विरुद्ध उनका दृढ़ विरोध, हम सभी को निरंतर राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता है।”
राहुल गांधी ने नेताजी को बताया महान क्रांतिकारी
भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के महान क्रांतिकारी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस जी की जयंती पर उन्हें सादर नमन।
अपने साहस, दृढ़ संकल्प और प्रखर नेतृत्व से उन्होंने देश को स्वतंत्रता के मार्ग पर अग्रसर किया। राष्ट्र के प्रति उनका समर्पण हर भारतवासी के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।
जय हिंद। pic.twitter.com/DkISQEtT3s
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) January 23, 2026
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने लिखा, “भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के महान क्रांतिकारी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस जी की जयंती पर उन्हें सादर नमन। अपने साहस, दृढ़ संकल्प और प्रखर नेतृत्व से उन्होंने देश को स्वतंत्रता के मार्ग पर अग्रसर किया। राष्ट्र के प्रति उनका समर्पण हर भारतवासी के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। जय हिंद।”
Subhas Chandra Bose quotes: बोस की जयंती पर पढ़ें उनके कुछ कोट्स
“तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आज़ादी दूँगा।”
“स्वतंत्रता किसी को दी नहीं जाती, उसे हासिल करना पड़ता है।”
“जीवन में कभी भी कठिनाइयों से भागना नहीं चाहिए, बल्कि उनका सामना करना चाहिए।”
“देश की सेवा करना मेरा धर्म है और देश की स्वतंत्रता मेरा लक्ष्य।”
“साहस, बलिदान और अनुशासन—यही किसी राष्ट्र को महान बनाते हैं।”
“एक सच्चा सैनिक कभी हार नहीं मानता, चाहे हालात कितने ही कठिन क्यों न हों।”
“राष्ट्र की आज़ादी के लिए व्यक्तिगत सुख–सुविधाओं का त्याग आवश्यक है।”
“संघर्ष जितना कठिन होगा, विजय उतनी ही शानदार होगी।”
“अनुशासन और एकता किसी भी आंदोलन की सबसे बड़ी ताकत होते हैं।”
“हमारा लक्ष्य केवल स्वतंत्रता नहीं, बल्कि एक मजबूत और आत्मनिर्भर भारत होना चाहिए।”
Netaji Subhas Chandra Bose Jayanti 2026: बोस का जीवन कैसा था?
सुभाष चंद्र बोस का जन्म 23 जनवरी 1897 को ओडिशा के कटक में हुआ था। बचपन से ही उनमें जिज्ञासा और सीखने की लगन दिखाई देती थी। शुरुआती पढ़ाई के बाद उन्होंने कलकत्ता यूनिवर्सिटी से डिग्री हासिल की। पढ़ाई में तेज होने के बावजूद उनका लक्ष्य सिर्फ व्यक्तिगत सफलता नहीं था, बल्कि देश की भलाई और आजादी थी, इसलिए आगे चलकर वह आईसीएस की परीक्षा देने इंग्लैंड चले गए।
वर्ष 1919-20 में उन्होंने यह परीक्षा पास की और चौथे स्थान के साथ आईसीएस अधिकारी बन गए। सुभाष चंद्र बोस एक भारतीय राष्ट्रवादी नेता थे, जिनका नाम आज हर भारतीय गर्व के साथ लेता है। उन्होंने ब्रिटिश शासन के खिलाफ भारत की आजादी की लड़ाई में जिस तरह की भूमिका निभाई, वह अद्भुत थी।
ALSO READ: हमारे नेताओं को जेल में डालने से AAP टूटेगी नहीं, बल्कि गुजरात में सत्ता परिवर्तन करेगी: केजरीवाल

























