निर्मला सीतारमण ने रक्षा मंत्री के तौर पर संभाला पद, जेटली भी हुए शामिल

Summary :

NULL

निर्मला सीतारमण ने गुरुवार को रक्षा मंत्री के तौर पर पद संभाल लिया। इस मौके पर अरुण जेटली भी मौजूद थे। निर्मला देश की पहली पूर्णकालिक महिला रक्षा मंत्री हैं। बता दे कि कैबिनेट फेरबदल में प्रधानमंत्री मोदी ने निर्मला सीतारमण को रक्षा मंत्रालय का जिम्मा सौंपा है। मार्च में मनोहर पर्रिकर के इस्तीफ़ा देने के बाद वित्त मंत्री अरुण जेटली अतिरिक्त पदभार के तौर पर यह ज़िम्मेदारी संभाल रहे थे। रक्षा मंत्रालय का कार्यभार संभालने के बाद निर्मला सीतारमण ने कहा कि भारत रक्षा सामग्री का एक बड़ा खरीदार है।

हालांकि, अब कई उत्पाद भारत में भी बनाए जा रहे हैं। भारत में जो रक्षा उत्पादक काम कर रहे हैं उनके लिए दुनिया में बाजार पर भी नजर होगी। इसके साथ ही सुरक्षाबलों का कल्याण, तैयारियां और उनके परिवार का कल्याण भी हमारी प्राथमिकता होगी। बताते चले कि कैबिनेट फेरबदल के बाद निर्मला ने कहा था कि रक्षा मंत्री के तौर देश की सेवा करने का मौका मिलेगा जो एक बड़ी बात है। सीतारमण अब सुरक्षा मामलों पर महत्वपूर्ण मंत्रिमंडलीय समिति की सदस्य होंगी। इस समिति में रक्षा मंत्री के अलावा प्रधानमंत्री, गृह मंत्री, विदेश मंत्री और वित्त मंत्री होते हैं।

Desk Team