उत्तर प्रदेश के आबकारी मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता नितिन अग्रवाल ने दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन की रैली पर निशाना साधते हुए मंगलवार को कहा कि ‘‘भ्रष्ट दल एक साथ आए थे’’। नोएडा में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में अग्रवाल ने कहा, ‘‘ दो दिन पहले दिल्ली के रामलीला मैदान में ‘इंडिया’ गठबंधन ने रैली आयोजित की थी, यह भ्रष्टाचारियों को बचाने की रैली थी। उन्होंने अपने भ्रष्टाचार को सही ठहराने के लिए जनसभा की थी। भ्रष्टाचार में शामिल लोग मंच पर अपने भ्रष्टाचार को सही ठहरा रहे थे।
Highlights
- ‘इंडिया’ गठबंधन की रैली भ्रष्टाचारियों को बचाने के लिए थी
- गठबंधन का नेतृत्व कर रही प्रमुख विपक्षी पार्टी कांग्रेस
- सवालों का जवाब क्यों नहीं दे रहे
गठबंधन का नेतृत्व कर रही प्रमुख विपक्षी पार्टी कांग्रेस
अग्रवाल ने आरोप लगाया कि ‘इंडिया’ गठबंधन का नेतृत्व कर रही प्रमुख विपक्षी पार्टी कांग्रेस, अतीत में भ्रष्टाचार में लिप्त रही है। मंत्री ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी (आप) भ्रष्टाचार विरोधी अभियान के दम पर अस्तित्व में आई थी और अब सबसे भ्रष्ट पार्टी बन गई है। अग्रवाल ने कहा, ‘‘जिस तरह से उनकी (आप की) भूमिका इसमें (कथित आबकारी नीति घोटाले) दिख रही है, (दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद)केजरीवाल आठ-नौ समन के बाद भी ईडी के समक्ष पेश नहीं हुए। अदालत और ईडी बार-बार कहते रहे कि आप जांच में सहयोग नहीं कर रहे हैं। आप लगातार भाग रहे हैं और इसके बजाय ईडी और सीबीआई पर दोष मढ़ रहे हैं।
सवालों का जवाब क्यों नहीं दे रहे
उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री ने सवाल किया, ‘‘मुझे समझ नहीं आ रहा कि अगर आप ईमानदार हैं तो आपको (जांच में)सहयोग करने में क्या परेशानी है? आप सवालों का जवाब क्यों नहीं दे रहे हैं? आप जांच से क्यों भाग रहे हैं?’’उन्होंने कहा, जब उनका दिल (इरादा) काला हो, जब वे जानते हों कि उन्होंने भ्रष्टाचार किया है, लेकिन सवालों का जवाब नहीं दे रहे हैं, इससे तय है कि जिस पार्टी ने खुद को भ्रष्टाचार के खिलाफ स्थापित किया था वह आज देश की सबसे बड़ी भ्रष्ट पार्टी बनकर उभरी है।


Download Android App
Download iOS App