नई दिल्ली, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन रविवार को हरियाणा के रोहतक में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा का नेतृत्व करेंगे। यह पदयात्रा विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे झूठ और अराजकता का मुकाबला करने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है।
यह पदयात्रा भाजपा के राष्ट्रव्यापी अभियान ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ का हिस्सा है, जिसे विपक्ष की गलत सूचना, दुष्प्रचार और सुनियोजित अराजकता का जवाब देने के लिए शुरू किया गया है।
पदयात्रा रविवार सुबह 11 बजे रोहतक के छोटूराम पॉलीटेक्निक कॉलेज ग्राउंड से शुरू होगी और मॉडल टाउन के डी-पार्क में समाप्त होगी। पदयात्रा के समापन पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डी-पार्क में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे।
भाजपा की यह पहल केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम से कहीं अधिक है, यह विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे झूठ, साजिशों और अशांति के खिलाफ एक वैचारिक आंदोलन है। ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ के संकल्प से प्रेरित होकर भाजपा का हर कार्यकर्ता हर गांव और हर घर तक पहुंच रहा है, ताकि विपक्ष के झूठे नैरेटिव को ध्वस्त किया जा सके और सीधे जनता तक सच पहुंचाया जा सके।
इस महत्वपूर्ण पदयात्रा में रविवार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष, पार्टी का वरिष्ठ नेतृत्व, हजारों समर्पित पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में शामिल होंगे। भाजपा ने 28 अक्टूबर को नई दिल्ली के चांदनी चौक में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा निकाला था। इस पदयात्रा का नेतृत्व भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने किया था।
बता दें कि पंजाब में कानून-व्यवस्था को लेकर इस समय गंभीर सवाल उठाए जा रहे हैं। राज्य में बढ़ती आपराधिक घटनाओं, नशीली दवाओं (ड्रग्स) के कारोबार और संगठित अपराध को लेकर विपक्षी दलों ने आम आदमी पार्टी की भगवंत मान सरकार पर तीखा हमला बोला है।
–आईएएनएस
वीकेयू/पीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



