नई दिल्ली, 14 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार की राजनीति में मंगलवार का दिन बेहद भावुक और ऐतिहासिक माना जा रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को आखिरी कैबिनेट बैठक ली। उन्होंने सभी मंत्रियों को संबोधित करते हुए कहा कि वह बिहार के विकास के लिए हमेशा समर्पित रहे हैं और आगे भी राज्य के विकास में पूरा सहयोग देते रहेंगे। उन्होंने कहा कि भले ही प्रशासनिक जिम्मेदारी किसी और के हाथ में जाए लेकिन उनका मार्गदर्शन हमेशा सरकार के साथ रहेगा।
कैबिनेट बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए मंत्री संजय सिंह ने कहा कि यह दिन सिर्फ एक राजनीतिक बदलाव का नहीं बल्कि एक लंबे दौर के समापन का संकेत है। उन्होंने कहा कि यह पूरा घटनाक्रम सभी मंत्रियों के लिए बेहद भावुक पल था क्योंकि पिछले लगभग दो दशकों से जिस नेतृत्व में उन्होंने काम किया, वह अब एक नए मोड़ पर पहुंचता दिख रहा है।
मंत्री रामकृपाल यादव ने भी इस मौके को बेहद भावुक बताया। उन्होंने कहा कि उन्होंने लंबे समय तक नीतीश कुमार के साथ काम किया है और यह उनकी राजनीतिक यात्रा का एक महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने बैठक में सभी को भरोसा दिलाया कि वह हमेशा अभिभावक की भूमिका में रहेंगे और बिहार के विकास में अपना योगदान देते रहेंगे। उन्होंने बताया कि शाम को एनडीए की बैठक भी प्रस्तावित है, जिसमें आगे की राजनीतिक दिशा पर चर्चा होगी।
इसी तरह मंत्री लेशी सिंह ने भी अपनी भावनाएं साझा करते हुए कहा कि यह सिर्फ विदाई का पल नहीं है बल्कि गर्व का भी क्षण है। उन्होंने कहा कि इतने वर्षों तक नीतीश कुमार के नेतृत्व में काम करना उनके लिए सम्मान की बात है। उन्होंने याद दिलाया कि 1995 से पार्टी के साथ जुड़कर उन्होंने जो राजनीतिक सफर तय किया है उसमें नीतीश कुमार की भूमिका एक मार्गदर्शक और अभिभावक जैसी रही है।
लेशी सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में कई बड़े बदलाव हुए हैं। विकास, सुशासन और सामाजिक बदलाव को उन्होंने प्रमुखता दी है। उनके अनुसार, महिलाओं को सशक्त बनाने से लेकर गांवों के विकास तक, कई ऐसे काम हुए हैं जिन्होंने बिहार की तस्वीर बदल दी है। उन्होंने कहा कि यह योगदान आने वाली पीढ़ियां भी याद रखेंगी।
मंत्री जमा खान ने भी कहा कि यह सभी के लिए भावुक क्षण है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने बैठक में यह स्पष्ट कहा कि वह आगे भी सभी का मार्गदर्शन करते रहेंगे और बिहार के हित में हमेशा साथ खड़े रहेंगे।
–आईएएनएस
पीआईएम/पीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



