नयी दिल्ली : भाजपा नेता प्रहलाद जोशी ने गुरुवार को राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर किए गए हमले पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता से बड़ा कोई ‘‘अहंकारी’’ नहीं हो सकता है जिन्होंने एकबार अपनी ही सरकार द्वारा लाए गए अध्यादेश की प्रति फाड़ दी और तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की आलोचना की। जोशी ने दावा किया कि कांग्रेस पार्टी के नेताओं और मुख्यमंत्रियों को राहुल गांधी से मिलने के लिए घंटों प्रतीक्षा करनी पड़ती है और वह उन्हें सुनने की जहमत भी नहीं उठाते।
संसदीय कार्यमंत्री जोशी संसद भवन परिसर में आयोजित सर्वदलीय बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इससे पहले दिन में राहुल गांधी ने अपने चुनाव क्षेत्र केरल के वायनाड में प्रधानमंत्री मोदी पर हमला करते हुए कहा था, ‘‘आज एक अहंकारी व्यक्ति गांधी की विचारधार को चुनौती देने की कोशिश कर रहा है। वह नफरत का माहौल बना रहा है। यह एक ही विचारधारा है। नाथूराम गोडसे और नरेंद्र मोदी दोनों, इसी विचारधारा में विश्वास करते हैं। दोनों में कोई अंतर नहीं है सिवाय इसके कि मोदी में यह बोलने का साहस नही है कि वह गोडसे की विचारधारा में विश्वास करते हैं।’’
जोशी ने कहा, ‘‘ राहुल गांधी से बड़ा अहंकारी कोई नहीं हो सकता जिन्होंने अपनी ही पार्टी की प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह नीत सरकार द्वारा लाए गए अध्यादेश को फाड़ दिया और उसकी आलोचना की। केंद्रीय मंत्री 2013 में हुई उस घटना का संदर्भ दे रहे थे जिसमें राहुल गांधी ने दोषी करार दिए गए सांसदों और विधायकों को अयोग्य ठहराने के उच्चतम न्यायलय के फैसले को पलटने के लिए कांग्रेस नीत संप्रग सरकार द्वारा लाए गए अध्यादेश की आलोचना की थी। राहुल ने अध्यादेश को बकवास करार देते हुए उसकी प्रति मीडिया के समक्ष फाड़ दी थी।


Download Android App
Download iOS App



