एनटीपीसी भर्ती 2026: असिस्टेंट एग्जीक्यूटिव के 250 पदों पर वैकेंसी, जल्द शुरू होगी आवेदन प्रक्रिया

Summary :

नई दिल्ली, 20 अप्रैल (आईएएनएस)। नेशनल थर्मल पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एनटीपीसी) ने असिस्टेंट एग्जीक्यूटिव (ऑपरेशन) के कुल 250 पदों पर भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी कर वैकेंसी निकाली है, जिनमें अनारक्षित (यूआर) के 109, ईडब्ल्यूएस के 25, ओबीसी के 39, एससी के 42, और एसटी वर्ग के उम्मीदवारों के लिए 35 पद शामिल हैं। एनटीपीसी की ओर से जारी पदों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 23 अप्रैल से शुरू हो जाएगी और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 7 मई निर्धारित की गई है। ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरने की सोच रहे…

नई दिल्ली, 20 अप्रैल (आईएएनएस)। नेशनल थर्मल पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एनटीपीसी) ने असिस्टेंट एग्जीक्यूटिव (ऑपरेशन) के कुल 250 पदों पर भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी कर वैकेंसी निकाली है, जिनमें अनारक्षित (यूआर) के 109, ईडब्ल्यूएस के 25, ओबीसी के 39, एससी के 42, और एसटी वर्ग के उम्मीदवारों के लिए 35 पद शामिल हैं।

एनटीपीसी की ओर से जारी पदों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 23 अप्रैल से शुरू हो जाएगी और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 7 मई निर्धारित की गई है। ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरने की सोच रहे हैं, वे आधिकारिक वेबसाइट पर एप्लीकेशन लिंक सक्रिय होने के बाद से तय समय सीमा के अंदर अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित पद अनुसार मैकेनिकल या इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में कम से कम 40% अंकों के साथ बीई/बीटेक की डिग्री होनी चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास अन्य निर्धारित पात्रता और तय सालों का अनुभव होना भी अनिवार्य है।

उम्मीदवारों की अधिकतम आयु 35 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 7 मई के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन शॉर्टलिस्टिंग/स्क्रीनिंग, लिखित/कंप्यूटर आधारित परीक्षा, पर्सनल इंटरव्यू, चिकित्सा परीक्षण और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 55,000 रुपए प्रति माह होगी। इसी के साथ कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।

एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान करना होगा, जो सामान्य/ईडब्ल्यूएस/ओबीसी के लिए 500 रुपए तय किया गया है। वहीं, अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति/दिव्यांग/महिला उम्मीदवार को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।

ऑनलाइन आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले एनटीपीसी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए दिए गए सक्रिय आवेदन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को सही साइज में अपलोड करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन फीस का भुगतान कर फॉर्म को सबमिट कर दें। लास्ट में आवेदन पत्र की एक हार्ड कॉपी भविष्य के संदर्भ के लिए सुरक्षित निकाल कर रख लें।

–आईएएनएस

डीके/पीएम

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.