हे राम मुंबई लोकल ट्रेन या युद्ध का अखाड़ा! एक महिला ने दूसरी का सिर फाड़ा

Summary :

हे राम मुंबई लोकल ट्रेन या युद्ध का अखाड़ा!

करीब 2 मिनट 5 सेकंड लंबे इस वीडियो में दो महिलाएं एक-दूसरे से बेहद आक्रामक तरीके से लड़ती नजर आ रही हैं. वे एक-दूसरे के बाल खींच रही हैं, थप्पड़ जड़ रही हैं और धक्का-मुक्की कर रही हैं.

Mumbai News: देश में अब तक आप लोगों ने दिल्ली मेट्रो में लोगों की आपसी झड़प का वीडियो देखा होगा. लेकिन इस बीच मुंबई की चर्चगेट-विरार लोकल ट्रेन में महिला यात्रियों के बीच हुई एक खौफनाक झड़प का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. यह घटना 19 जून को उस वक्त हुई जब महिलाएं अपने काम से लौटकर घर जा रही थीं. वायरल हो रहे इस वीडियो ने न सिर्फ यात्रियों को हैरान कर दिया, बल्कि मुंबई लोकल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं.

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, करीब 2 मिनट 5 सेकंड लंबे इस वीडियो में दो महिलाएं एक-दूसरे से बेहद आक्रामक तरीके से लड़ती नजर आ रही हैं. वे एक-दूसरे के बाल खींच रही हैं, थप्पड़ जड़ रही हैं और धक्का-मुक्की कर रही हैं. इस दौरान बोगी में मौजूद अन्य महिला यात्रियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन स्थिति इतनी बिगड़ गई कि उनमें से एक महिला के सिर पर गंभीर चोट लग गई और खून बहने लगा.

सीट को लेकर बहस

मुंबई की लोकल ट्रेनों में हल्की-फुल्की बहस और विवाद आम बात है, विशेषकर भीड़भाड़ के समय. सीट को लेकर या चढ़ते-उतरते वक्त होने वाली बहसें अक्सर तीखी तकरार में बदल जाती हैं. लेकिन चर्चगेट से विरार की इस महिला स्पेशल लोकल में जो हुआ, वह आम घटनाओं से काफी आगे निकल गया.

वीडियो फुटेज में साफ तौर पर सुना जा सकता है कि अन्य महिलाएं लगातार झगड़ती महिलाओं से रुकने की अपील कर रही हैं. ‘छोड़ो-छोड़ो’ और ‘क्या कर रही हो’ जैसी आवाज़ें माहौल की गंभीरता को दर्शाती हैं. कुछ महिलाओं ने उन्हें शांति से बैठने को कहा, पर जब तक कोई रेलवे स्टाफ या पुलिस हस्तक्षेप करती, तब तक मामला काफी बिगड़ चुका था.

झगड़े की असली वजह अब तक रहस्य

हालांकि इस हिंसक विवाद के पीछे की असली वजह सामने नहीं आ पाई है. कुछ सोशल मीडिया यूज़र्स का मानना है कि झगड़े की जड़ सीट को लेकर हुआ विवाद हो सकता है, जबकि अन्य इसे व्यक्तिगत दुश्मनी से जोड़कर देख रहे हैं. मामले की जांच फिलहाल पश्चिम रेलवे के जिम्मे है, और विस्तृत रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.

रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

इस घटना ने मुंबई लोकल की महिला सुरक्षा और ट्रेनों में नियंत्रण व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं. महिला स्पेशल ट्रेन में भी यदि सुरक्षा का इतना अभाव रहेगा, तो यात्रियों का भरोसा टूट सकता है. यात्रियों की मांग है कि महिला डिब्बों में नियमित रूप से सुरक्षा कर्मी तैनात किए जाएं ताकि ऐसे हिंसक विवादों को समय रहते रोका जा सके.

बर्थडे पर रोने लगीं राष्ट्रपति Draupadi Murmu, वीडियो Viral

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।