कानपुर: आज बुढ़वा मंगल पर पनकी मंदिर में दर्शन के लिए आने वाली भक्तों की अपार भीड़ ड्रोन कैमरे की भी नजर में रही। समाचार लिखे जाने तक यहां हनुमानजी के दर्शन करने वालों की संख्या दस लाख से ऊपर भी पहुंचती नजर आई। इसी लिए आज बुढ़वा मंगल पर यहां के पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किये थे। जिसके तहत इस बार मंदिर परिसर की निगरानी पहली बार ड्रोन कैमरे के जरिये भी की गई। साथ ही मंदिर की छत पर दूरबीन लेकर तैनात सशस्त्र जवान भी तैनात रहे।यहां आज बुढ़वा मंगल को पनकी मंदिर में महानगर ही नहीं बल्कि आसपास के राज्यों के लोग भी दर्शन करने के लिए उमड़े। वे मंदिर में सोमवार रात से ही आने शुरु हो गये थे।
इसमें से सैकडों मंगला आरती में शामिल होने के लिए मंदिर के बाहर और वहां की छतों पर भी रात से ही कब्जा किये नजर आये। यहां नगर के अलावा इटावा, औरैया समेत दूरदाराज से बाबा के भक्त दर्शन कर पहुंचे। इसके चलते आज यहां सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किये गये थे। मंदिर में जहां जगह-जगह पुलिस और मंदिर प्रबंधन द्वारा सीसीटीवी कैमरे लगाये गये थे।वहीं पहली बार मंदिर की निगरानी के लिए ड्रोन कैमरा लगाया गया।
इस ड्रोन कैमरे की मदद से पूरे मंदिर परिसर में लोगों पर निगाह रखी गई। इसी के साथ भक्तों का रैला आने के कारण इस बार सड़क पर दुकान लगाने की अनुमति नहीं दी गयी। जगह-जगह बेरीकेडिंग करके वाहनों को मंदिर मार्ग पर आने से रोका गया। इसीलिए मंदिर के बाहर भी बेरीकेडिंग लगायी गयी थी, जिसके जरिये भक्तों को एक-एक करके ही मंदिर परिसर में प्रवेश करने दिया गया। वहीं भीड़ को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल लगाया गया था। यही नहीं इसके लिए बेरीकेडिंग के जरिये इमरजेंसी रास्ते भी बनाये गये थे।


Download Android App
Download iOS App



