लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। श्री बिरला ने शनिवार देर शाम अपने संदेश में कहा, ‘मैं देश के सभी नागरिकों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देता हूँ। इस दिन भारत के संविधान को लागू किया जाना एक ऐतिहासिक अवसर था जिससे स्वतंत्रता प्राप्ति की प्रक्रिया संपन्न हुई और हमारा राष्ट्र सही मायने में संप्रभु गणतंत्र बना।
इस गणतंत्र दिवस पर हमारे गणतंत्र द्वारा प्राप्त की गई उपलब्धियों और इसकी प्रगति को ध्यान में रखते हुए, हमें राष्ट्र की बेहतरी और अपनी मातृभूमि को स्वस्थ, सशक्त और समृद्ध बनाने के अपने संकल्प के प्रति स्वयं को पुन:प्रतिबद्ध करना होगा।’
श्री बिरला ने कहा,‘‘ राष्ट्र निर्माण निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है और इसमें योगदान देना प्रत्येक नागरिक का सर्वोच्च कर्तव्य है। हमारे सपनों के नए भारत का निर्माण करना देशवासियों की प्रबल महत्वाकांक्षा है और हम सभी को इस दिशा में अथक परिश्रम करना होगा। हमारे युवा वर्ग की प्रतिभा और कठिन परिश्रम तथा हमारे वृद्धजनों की बुद्धिमत्ता और अनुभव के साथ हम निश्चित रूप से एक सुदृढ, समृद्ध और सशक्त भारत के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ेंगे।
विगत वर्षों के दौरान भी हमने अनेक उपलब्धियाँ प्राप्त की हैं। इसके बावजूद अभी बहुत कुछ किया जाना बाकी है। इस अवसर पर हमें कड़ संघर्ष के बाद प्राप्त की गई स्वतंत्रता के लिए हमारे देशवासियों के द्वारा किए गए सर्वोच्च बलिदानों का भी स्मरण करना चाहिए। ’’ उन्होंने कहा, ‘मैं सभी के लिए अच्छे स्वास्थ्य, शांति और समृद्धि की कामना करता हूँ।’


Download Android App
Download iOS App



