Operation Sindoor: मौलाना रजवी ने की भारतीय सेना की तारीफ

Summary :

भारतीय एयरफोर्स ने पाकिस्तान में आतंकी अड्डों को किया ध्वस्त

भारतीय सेना ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान और पीओके में आतंकी ठिकानों पर हमला किया। मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने भारतीय एयरफोर्स की प्रशंसा करते हुए कहा कि आतंकवाद के खिलाफ यह कदम बेहद जरूरी था। उन्होंने मस्जिदों के इमामों से अपील की कि लोग एकजुट रहें और दुश्मन का मुकाबला करें।

भारतीय सेना ने पाकिस्तान और पीओके में आतंकियों के ठिकानों पर स्ट्राइक की है। भारत ने बुधवार की रात ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को अंजाम दिया है। इसे लेकर ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने कहा कि यह बहुत खुशी की बात है कि भारतीय एयरफोर्स ने पाकिस्तान पर हमला किया है और आतंकी अड्डों को नष्ट किया। यह बहुत ज्यादा जरूरी है। उन्होंने अपने एक बयान में कहा कि पाकिस्तान आतंक को पालता-पोस्ता है और बाहरी दुनिया में इस बात से इंकार करता है। लेकिन चोर की तरह भारत में हमला कराता है। इसका मुंह तोड़ जवाब देना जरूरी है। भारतवासी यही चाहते थे और वह सरकार से मांग भी कर रहे थे कि आतंकवाद को करारा जवाब दिया जाए। भारतीय एयरफोर्स ने जो पाकिस्तान के अंदर आतंकियों के अड्डों को ध्वस्त किया है, उनकी नर्सरियों को खत्म किया है, यह एक बहुत अच्छा कदम है।

Operation Sindoor: भारत की एयर स्ट्राइक में 90 से अधिक आतंकी ढेर

इसके पहले मौलाना ने अपने एक बयान में कहा था कि भारत का मुसलमान उलमा काउंसिल पाकिस्तान की बातों से प्रभावित होने वाला नहीं है। न ही भारत के लोग उनकी भभकियों से डरने वाले हैं। कश्मीर भारत का अटूट हिस्सा है। कश्मीर की जनता भी अमन चाहती है। मौलाना ने मस्जिदों के इमामों से अपील की है कि शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद तकरीरों के माध्यम से अवाम को यह समझाएं कि दुश्मन का मुकाबला करने के लिए सभी एकजुट रहें। हिंदू और मुसलमानों के बीच दरार डालने वाले लोगों के बहकावे में न आएं।

ज्ञात हो कि भारत ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले का कड़ा जवाब दिया है। भारत ने पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर के आतंकी ठिकानों को नष्ट कर दिया है। पहलगाम आतंकी हमले के 15 दिन बाद यह बहुत बड़ी कार्रवाई की गई है। देर रात भारतीय सेना ने पाकिस्तान ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की। भारत की इस जवाबी कार्रवाई को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ नाम दिया गया है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.