हमारी सरकार अच्छा काम कर रही, विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं: संजय निषाद

Summary :

जेपीसी रिपोर्ट पर विपक्ष का हंगामा गैर जरूरी: संजय निषाद

निषाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय निषाद गुरुवार को यूपी के फिरोजाबाद पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बात करते हुए राज्यसभा में वक्फ संशोधन विधेयक को लेकर विपक्ष के व्यवहार को गैर जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि सरकार अच्छा काम कर रही है और इसलिए उनके पास कोई मुद्दा नहीं बचा है।

सरकार की उपलब्धियों पर संजय निषाद ने कहा कि हमारी सरकार अच्छे काम कर रही है, जबकि विपक्ष के पास कोई काम नहीं है, कोई मुद्दा नहीं है। विपक्ष सिर्फ हंगामा करने में लगा है, जबकि सरकार जनता के हित में कार्य कर रही है।

सदन में जेपीसी रिपोर्ट को लेकर विपक्ष द्वारा किए गए हंगामे पर संजय निषाद ने कहा कि विपक्ष के पास अब कुछ भी नहीं बचा है, वह सिर्फ हंगामा कर रहे हैं। विपक्ष को अब जनता के मुद्दों पर कोई समाधान देने का सामर्थ्य नहीं है, इसलिए वह सिर्फ विरोध करने में लगे हैं।

समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव द्वारा कुंभ मेला के संबंध में दिए गए बयान पर निषाद ने कहा कि अखिलेश यादव पार्टी के अध्यक्ष हैं, तो उन्हें केवल कमियां ही नजर आएंगी। वह नकारात्मक बातें करते हैं, लेकिन हम यह नहीं कह रहे कि कुंभ में मत आइए। हम बस यह कह रहे हैं कि थोड़ा रुककर आइए, क्योंकि अभी भीड़ बहुत है।

इसके साथ ही, उन्होंने कुंभ पर अफजल अंसारी के गंगा में पाप धुलने के बयान पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। निषाद ने कहा कि प्रयागराज निषाद राज की धरती है और अफजल अंसारी जैसे लोग किसी धर्म पर बोलने का हक नहीं रखते। उन्हें अपनी पूजा करने का अधिकार है और हमें हमारी पूजा करने का।

वहीं, दिल्ली में यमुना सफाई के मुद्दे पर संजय निषाद ने कहा कि दिल्ली में जो कचरा साफ किया गया था, वह सिर्फ नाम का झाड़ू था। अब भाजपा सरकार के कार्यकाल में यमुना भी गंगा की तरह साफ होगी।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.