Owaisi Reacts to Akhilesh Support for Mohan Yadav : मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के जमीन खरीद विवाद को लेकर सियासी गलियारों में हलचल तेज है। इस पूरे मामले में एक नया और दिलचस्प मोड़ तब आया जब समाजवादी पार्टी (सपा) के मुखिया अखिलेश यादव मुख्यमंत्री मोहन यादव के परिवार के बचाव में उतर आए। लेकिन अखिलेश यादव का यह कदम ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के चीफ असदुद्दीन ओवैसी को नागवार गुजरा और उन्होंने इसे लेकर सपा प्रमुख पर सीधा और तीखा तंज कस दिया।
Owaisi on Akhilesh Yadav : औवेसी ने क्या लिखा

ओवैसी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पहले ट्विटर) पर पोस्ट साझा करते हुए लिखा, “मोहन जी के सम्मान में अखिलेश भैया मैदान में। एक भाई बस अपना कर्तव्य निभा रहे हैं।” ओवैसी यहीं नहीं रुके, उन्होंने आगे उत्तर प्रदेश की राजनीति का जिक्र करते हुए सपा के ‘समाजवाद’ पर सवाल उठाए।
ओवैसी ने लिखा, “उत्तर प्रदेश में आए दिन मुसलमानों को निशाना बनाया जाता है, उन पर झूठे इल्जाम लगाकर उन्हें जेल भेजा जाता है। अखिलेश उनके लिए कभी कुछ नहीं कहते। लेकिन, भाजपा के एक मुख्यमंत्री के लिए देखिए कितनी हमदर्दी है। सपा का ‘समाजवाद’ असल में यादव समाजवाद है।”
Akhilesh Yadav Statement : अखिलेश यादव ने बताया भाजपा की साजिश

इससे पहले, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस पूरे जमीन विवाद को मुख्यमंत्री मोहन यादव के खिलाफ एक सोची-समझी साजिश करार दिया था।
उन्होंने अपनी ही सहयोगी पार्टी के रुख से अलग जाते हुए कहा कि यह सब मोहन यादव को बदनाम करने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अंदर ही रचा गया खेल है। अखिलेश यादव ने सवालिया लहजे में कहा कि क्या भाजपा को पहले से यह जानकारी नहीं थी कि मोहन यादव राजनीति में आने से पहले रियल एस्टेट का कारोबार करते थे?
इस बयान के बाद से ही कयास लगाए जा रहे थे कि विपक्षी खेमे में इसे लेकर नाराजगी बढ़ेगी, जो आखिरकार ओवैसी के इस तीखे हमले के रूप में सामने आ गई है। फिलहाल इस मामले पर भाजपा या मध्य प्रदेश सरकार की ओर से ओवैसी के बयान पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।


Download Android App
Download iOS App




