पहलगाम आतंकी हमला: भारत के तीव्र रुख से पाकिस्तान में खलबली, बुलाई गई राष्ट्रीय सुरक्षा समिति बैठक

Summary :

पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत सरकार की सख्त प्रतिक्रिया ने पाकिस्तान में चिंता की लहर

पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत की सख्त प्रतिक्रिया से पाकिस्तान में हलचल मच गई है। प्रधानमंत्री मोदी ने उच्च स्तरीय CCS बैठक की अध्यक्षता की, जिसके बाद पाकिस्तान ने राष्ट्रीय सुरक्षा समिति की बैठक बुलाई। वहीं, कनाडा ने भी इस हमले की कड़ी निंदा की है और भारत ने सर्वदलीय बैठक का ऐलान किया है।

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले के बाद भारत सरकार की सख्त प्रतिक्रिया ने पाकिस्तान में चिंता की लहर पैदा कर दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हमले के बाद उच्च स्तरीय सुरक्षा मामलों की कैबिनेट समिति (CCS) की बैठक की अध्यक्षता की, जो दो घंटे से ज्यादा चली।

भारत की सख्त प्रतिक्रिया के बाद पाकिस्तान में हलचल

इसके कुछ ही घंटों बाद पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ ने 24 अप्रैल, गुरुवार को राष्ट्रीय सुरक्षा समिति की बैठक बुला ली।

पाकिस्तान ने बुलाई राष्ट्रीय सुरक्षा समिति की बैठक

पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर यह जानकारी साझा करते हुए कहा कि यह बैठक भारत सरकार के बयान पर प्रतिक्रिया देने के लिए बुलाई गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बैठक में राष्ट्रीय सुरक्षा पर गंभीर चर्चा की जाएगी।

कनाडा ने भी की आतंकी हमले की कड़ी निंदा

वहीं कनाडा ने बुधवार को कश्मीर के पहलगाम में हुए भीषण आतंकवादी हमले की घटना के लगभग 36 घंटे बाद निंदा की।

कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि मैं जम्मू-कश्मीर में हुए आतंकवादी हमले से स्तब्ध हूं। यह हिंसा का एक मूर्खतापूर्ण और चौंकाने वाला कृत्य है, जिसमें निर्दोष नागरिक और पर्यटक मारे गए और घायल हुए हैं। कनाडा इस आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा करता है। हम पीड़ितों और उनके परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हैं।

भारत सरकार की ओर से सर्वदलीय बैठक का ऐलान

भारत सरकार ने भी इस हमले को लेकर 24 अप्रैल को एक सर्वदलीय बैठक बुलाने का निर्णय लिया है। यह बैठक रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में होगी, जिसमें सभी प्रमुख दलों के नेता शामिल होकर सुरक्षा स्थिति और भविष्य की रणनीति पर चर्चा करेंगे।

प्रधानमंत्री मोदी ने सुरक्षा पर की उच्चस्तरीय CCS बैठक

हमले के तुरंत बाद प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी सऊदी अरब यात्रा को बीच में ही रद्द कर दिल्ली लौटने का फैसला किया। दिल्ली पहुंचते ही उन्होंने सुरक्षा पर CCS बैठक बुलाई, जिसमें गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री एस. जयशंकर भी शामिल हुए।

CCS को दी गई हमले की विस्तृत जानकारी, जताई संवेदना

विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने जानकारी दी कि CCS को हमले की पूरी जानकारी दी गई, जिसमें 25 भारतीय और एक नेपाली नागरिक की मृत्यु हुई, और कई अन्य घायल हुए। समिति ने इस हमले की निंदा करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

Shera Rajput