पाकिस्तान के एक प्रतिनिधि द्वारा एक “काल्पनिक” नक्शे में भारतीय भूभाग को पाकिस्तान के हिस्से के तौर पर दिखाए जाने के विरोध में भारत ने मंगलवार को शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के सदस्य देशों के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों की बैठक से बहिर्गमन किया। भारत के एनएसए अजीत डोभाल ने यह कदम पाकिस्तानी प्रतिनिधि की ओर से गलत नक्शा दिखाए जाने के बाद उठाया।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अनुराग श्रीवास्तव ने कहा, “यह मेजबान द्वारा इसके खिलाफ दिये गए परामर्श की घोर उपेक्षा और बैठक के नियमों का उल्लंघन था। मेजबान से विचार-विमर्श के बाद, भारतीय पक्ष ने इस मौके पर विरोधस्वरूप बैठक छोड़ने का फैसला किया।”
बैठक की अध्यक्षता रूस कर रहा था। इस मुद्दे पर एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, “जैसी की उम्मीद की जा रही थी, पाकिस्तान ने तब इस बैठक को लेकर भ्रामक तस्वीर पेश की।”
सरकारी सूत्रों ने कहा कि पाकिस्तान की कार्रवाई एससीओ चार्टर का “घोर उल्लंघन” था और एससीओ के सदस्य देशों की क्षेत्रीय संप्रभुता और अखंडता की सुरक्षा को लेकर सभी स्थापित मानकों के खिलाफ भी।


Download Android App
Download iOS App



