कांग्रेस ने कश्मीर मामले का अंतरराष्ट्रीयकरण करने की कोशिश को लेकर पाकिस्तान को बुधवार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि उसके पास भारत के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप करने या अन्य राष्ट्रों को ऐसा करने के लिए कहने का कोई लाइसेंस नहीं है।
कांग्रेस के प्रवक्ता अभिषेक सिंघवी ने कहा कि पाकिस्तान को कश्मीर मामले पर संयुक्त राष्ट्र के सामने और अन्य मंचों पर झूठ बोलना बंद कर देना चाहिए। उसे अपने भीतर झांकना चाहिए और अपनी जमीन पर हो रहे मानवाधिकार उल्लंघन को रोकना चाहिए।
सिंघवी ने कहा, ‘‘मुझे हैरानी होती है कि एक तरफ पाकिस्तान जर्जर हालत वाला देश है…, इसकी अर्थव्यवस्था की हालत जीर्ण है, उसे कई देशों के आगे भीख का कटोरा फैलाना पड़ रहा है, वह आतंकवाद का सबसे जाना माना निर्यातक है और इसके बावजूद वह जम्मू कश्मीर मुद्दे को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उठाने की कोशिश करने की धृष्टता कर रहा है।’’
सिंघवी ने कहा कि पाकिस्तान में भारत केंद्रित होने को लेकर सनकपन हो सकती है लेकिन जहां तक भारत के वैश्विक दृष्टिकोण की बात है तो पाकिस्तान कतई मायने नहीं रखता।
उन्होंने कहा, ‘‘हम एक गतिशील लोकतंत्र हैं और हमारे अपने आंतरिक राजनीतिक मतभेद हैं जैसा कि हर लोकतंत्र में होना चाहिए, लेकिन यह भारत के मामलों में हस्तक्षेप करने या अन्य देशों को ऐसा करने के लिए कहने का उसका लाइसेंस नहीं है।’’


Download Android App
Download iOS App



