PAK को तीन बार घर में घुसकर मारा, ऑपरेशन सिंदूर खत्म नहीं हुआ है: PM मोदी

Summary :

PAK को आतंक के खिलाफ चेतावनी, ऑपरेशन सिंदूर जारी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल में रैली के दौरान पाकिस्तान को चेतावनी दी कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ अभी खत्म नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना ने पाकिस्तान को तीन बार घर में घुसकर मारा है। मोदी ने आतंकवादियों के खिलाफ भारत की सख्ती का जिक्र करते हुए कहा कि आतंक के ठिकानों को तबाह कर दिया गया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार में एक रैली को संबोधित करते हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर पाकिस्तान को फिर से चेताया। पीएम मोदी ने बंगाल की धरती से पाकिस्तान को याद दिलाया कि भारत की सेना ने पड़ोसी देश को तीन बार घर में घुसकर मारा है, 140 करोड़ भारतीयों का ऐलान है कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ अभी खत्म नहीं हुआ है। पीएम मोदी ने कहा, “आज जब ‘सिंदूर खेला’ की इस धरती पर आया हूं तो आतंकवाद को लेकर भारत के नए संकल्प की चर्चा स्वाभाविक है। गत 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकियों ने जो बर्बरता की, उसके बाद पश्चिम बंगाल में भी बहुत गुस्सा था। आपके भीतर जो आक्रोश था, आपका जो गुस्सा था, उसको मैं भली-भांति समझता था। आतंकवादियों ने हमारी बहनों का सिंदूर मिटाने का दुस्साहस किया। हमारी सेना ने उनको सिंदूर की शक्ति का एहसास करा दिया। हमने आतंक के उन ठिकानों को तबाह किया, जिनकी पाकिस्तान ने कल्पना तक नहीं की थी।”

सिक्किम के हर गांव से चैंपियन उभरेंगे, भारत बनेगा खेल महाशक्ति: PM मोदी

उन्होंने आगे रैली को संबोधित करते हुए कहा, “आतंक को पालने वाले पाकिस्तान के पास दुनिया को देने के लिए कुछ भी सकारात्मक नहीं है। जब से वे अस्तित्व में आए हैं, तब से ही उसने सिर्फ आतंक को पाला है। साल 1947 में बंटवारे के बाद से ही उसने भारत पर आतंकवादी हमला किया। कुछ साल के बाद उसने यहां पड़ोस में, आज के बांग्लादेश में आतंक फैलाया। आतंक और नरसंहार, यह पाकिस्तानी सेना की सबसे बड़ी विशेषज्ञता है। जब सीधा युद्ध लड़ा जाता है, तो उसकी हार तय होती है, उसका पराजय निश्चित होता है, उसको मुंह की खानी पड़ती है। यही कारण है कि पाकिस्तान की सेना आतंकियों का सहारा लेती है। लेकिन, पहलगाम हमले के बाद अब भारत ने दुनिया को बता दिया है, भारत पर अब आतंकी हमला हुआ तो दुश्मन को उसकी बड़ी कीमत चुकानी पड़ेगी। पाकिस्तान समझ ले, तीन बार घर में घुसकर मारा है तुम्हें, बंगाल टाइगर की इस धरती से 140 करोड़ भारतीयों का ऐलान है ‘ऑपरेशन सिंदूर’ अभी खत्म नहीं हुआ है।”

पीएम मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए तृणमूल कांग्रेस सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने तृणमूल को ‘निर्मम सरकार’ करार देते हुए कहा कि यह सरकार गरीबों और आम लोगों के हितों के खिलाफ काम कर रही है। पीएम मोदी ने यहां मंच से कहा कि बंगाल की जनता कह रही है कि ‘मची है चीख पुकार, नहीं चाहिए निर्मम सरकार। आयुष्मान योजना का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार की आयुष्मान भारत योजना के तहत देशभर में करोड़ों लोगों को मुफ्त इलाज मिल रहा है, जिसमें 70 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्ग भी शामिल हैं। लेकिन, पश्चिम बंगाल में तृणमूल सरकार ने इस योजना को लागू नहीं होने दिया, जिसके कारण राज्य के लोग इस लाभ से वंचित हैं।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.