पेपर लीक मुद्दे पर सियासी घमासान तेज, भाजपा नेताओं ने कांग्रेस और विपक्ष को घेरा

Summary :

नई दिल्ली, 22 जुलाई (आईएएनएस)। राजधानी दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के विरोध प्रदर्शन और पेपर लीक के मुद्दों को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कुछ ताकतें देश को कमजोर करने की कोशिश कर रही हैं। साथ ही उन्होंने परीक्षा से जुड़े मामलों पर सरकार की ओर से चर्चा के लिए तैयार रहने की भी बात कही। भाजपा सांसद रेखा शर्मा ने सीजेपी के विरोध प्रदर्शन पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “प्रदर्शन से पहले अमेरिका की ओर से अपने नागरिकों को सतर्क…

नई दिल्ली, 22 जुलाई (आईएएनएस)। राजधानी दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के विरोध प्रदर्शन और पेपर लीक के मुद्दों को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कुछ ताकतें देश को कमजोर करने की कोशिश कर रही हैं। साथ ही उन्होंने परीक्षा से जुड़े मामलों पर सरकार की ओर से चर्चा के लिए तैयार रहने की भी बात कही।

भाजपा सांसद रेखा शर्मा ने सीजेपी के विरोध प्रदर्शन पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “प्रदर्शन से पहले अमेरिका की ओर से अपने नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई थी। किसी विदेशी देश को पहले से कैसे जानकारी थी कि ऐसी स्थिति बनने वाली है? कुछ विदेशी ताकतें भारत को कमजोर देखना चाहती हैं और देश के आंतरिक मामलों को प्रभावित करने का प्रयास कर रही हैं।”

नीट पेपर लीक विवाद पर बोलते हुए रेखा शर्मा ने कहा, “सरकार इस मुद्दे पर चर्चा करने के लिए तैयार है। यह केवल किसी एक सरकार से जुड़ी समस्या नहीं है, बल्कि लंबे समय से चली आ रही चुनौती है। कुछ लोग जानबूझकर गलत गतिविधियों में शामिल होते हैं और ऐसी घटनाओं को अंजाम देते हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।”

वहीं, भाजपा सांसद सामिक भट्टाचार्य ने महिला के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “किसी भी महिला पर अपमानजनक टिप्पणी का कोई समर्थन नहीं कर सकता। कल्याण बनर्जी के निलंबन का फैसला संसद की प्रक्रिया और नियमों के तहत लिया गया है, जिस पर अंतिम निर्णय लोकसभा सदस्य ही स्पष्ट कर सकते हैं।”

राहुल गांधी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए सामिक भट्टाचार्य ने कहा, “कांग्रेस के पास अब जनता से जुड़े मुद्दों की कमी है। कांग्रेस नेताओं के बयान और जमीनी हकीकत में अंतर है। चुनावों में जनता ने कई बार कांग्रेस को अपना जवाब दिया है।”

ओडिशा से जुड़े पेपर लीक मामलों को लेकर भाजपा सांसद अनंत नायक ने विपक्ष के आरोपों पर पलटवार किया। उन्होंने कहा, “ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक और विपक्ष द्वारा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की मांग करना उचित नहीं है। पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में भी कई परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाएं सामने आई थीं।”

अनंत नायक ने दावा किया, “ओडिशा में 2015 से 2023 के बीच पुलिस भर्ती, शिक्षक भर्ती, हाईस्कूल परीक्षा और शिक्षक पात्रता परीक्षा सहित कई परीक्षाओं में प्रश्न पत्र लीक होने के मामले सामने आए थे। पेपर लीक जैसी समस्याएं किसी एक राज्य या सरकार तक सीमित नहीं हैं और इससे निपटने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा।”

भाजपा सांसद सुजीत कुमार ने कहा, “यह बहुत निंदनीय और पूरी तरह गलत है। विपक्ष जिस तरह से देश के लोकतंत्र को कमजोर कर रहा है, उसकी कड़ी निंदा की जानी चाहिए। जब ​​सरकार हर मुद्दे पर चर्चा करने को तैयार है तो वे आखिर क्या चाहते हैं? उनके पास न तो तथ्य हैं और न ही तर्क। उनका एकमात्र मकसद संसद को काम करने से रोकना और अराजकता व व्यवधान का माहौल बनाना है।”

–आईएएनएस

एससीएच/डीकेपच

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.