सत्रहवीं लोकसभा के चुनाव के बाद संसद का पहला सत्र 17 जून से 26 जुलाई तक चलेगा और नयी सरकार का पहला बजट 05 जुलाई को पेश किया जायेगा।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में मंत्रिमंडल की शुक्रवार को यहाँ हुई पहली बैठक में यह निर्णय लिया गया। बैठक के बाद सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़कर ने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि लोकसभा का सत्र 17 जून से और राज्यसभा का सत्र 20 जून से आरंभ होगा और दोनों सदन 26 जुलाई तक चलेंगे। इस सत्र में कुल 30 बैठकें होंगी।
उन्होंने बताया कि 17 जून एवं 18 जून को लोकसभा के नवनिर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलायी जायेगी तथा 19 जून को लोकसभा अध्यक्ष का चुनाव होगा। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद 20 जून को संसद के दोनों सदनों के संयुक्त अधिवेशन को संबोधित करेंगे।
इसके बाद राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा करके उसे पारित कराया जायेगा। चार जुलाई को आर्थिक सर्वेक्षण पेश किया जायेगा और पाँच जुलाई को वित्त वर्ष 2019-20 का पूर्ण बजट प्रस्तुत किया जायेगा।
लोकसभा चुनाव के मद्देनत्रर पिछली सरकार ने गत फरवरी में पूर्ण बजट पेश नहीं किया था बल्कि परंपरा के अनुरूप लेखानुदान पारित किया गया था।


Download Android App
Download iOS App



