पटना, 11 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के 10वें संस्करण में पटना को ‘स्टेट फर्स्ट स्वच्छ सिटी’ का सम्मान मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने इसे बिहार के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में बिहार विकास, स्वच्छता और शहरी आधारभूत संरचना के क्षेत्र में लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है।
सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के कर कमलों से पटना को यह सम्मान प्राप्त होना विशेष हर्ष और गर्व का विषय है। यह उपलब्धि राज्य में स्वच्छता के प्रति बढ़ती जागरूकता, जनभागीदारी और सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने बिहार के विकास के लिए निरंतर मार्गदर्शन और सहयोग प्रदान करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार भी व्यक्त किया।
सीएम सम्राट चौधरी ने पटना को यह सम्मान मिलने पर समस्त पटनावासियों, पटना नगर निगम के पार्षदों, पदाधिकारियों और विशेष रूप से स्वच्छता कर्मियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि में स्वच्छता कर्मियों की मेहनत, समर्पण और प्रतिबद्धता की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उनके निरंतर प्रयासों और नागरिकों के सहयोग से पटना ने स्वच्छता के क्षेत्र में यह मुकाम हासिल किया है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि स्वस्थ और विकसित समाज के निर्माण का आधार है। राज्य सरकार बिहार के सभी शहरों को स्वच्छ, सुंदर, व्यवस्थित, आधुनिक और विकसित बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस दिशा में शहरी निकायों को और अधिक सशक्त बनाने के साथ-साथ आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया जाएगा।
उन्होंने विश्वास जताया कि पटना की यह उपलब्धि बिहार के अन्य शहरों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी। सामूहिक प्रयास, जनसहयोग और बेहतर शहरी प्रबंधन के माध्यम से राज्य स्वच्छता एवं शहरी विकास के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य बिहार के सभी शहरों में स्वच्छ और बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
–आईएएनएस
एमएनपी/डीकेपी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



