देश में बसपा सुप्रीमो मायावती को नकार रही है जनता: BJP नेता अर्जुन सिंह

Summary :

भाजपा नेता का दावा, मायावती की लोकप्रियता घटी

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सुप्रीमो मायावती ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक के बाद एक कई पोस्ट कर कांग्रेस पर सवाल उठाए। उन्होंने कांग्रेस पर भाजपा की ‘बी टीम’ होने का आरोप लगाया। भाजपा नेता और पूर्व सांसद अर्जुन सिंह ने कहा कि मायावती एक बड़ी नेता हैं, लेकिन देश की जनता उन्हें नकार रही है।

अर्जुन सिंह ने कहा, “मायावती एक बड़ी नेता हैं। एक समय उन्होंने दलितों के लिए राजनीति की है। मुझे लगता है कि देश की जनता अब मायावती को नकार रही है। अब इस देश में राष्ट्रवाद, सनातन धर्म लोगों के सिर पर चढ़कर बोल रहा है। अंग्रेजों और मुस्लिम आक्रांताओं ने जाति के नाम पर बांटकर शासन किया था और कांग्रेस ने भी जाति के नाम पर शासन किया। आज सभी लोग फेल हो चुके हैं। सबसे बड़ा उदाहरण महाकुंभ है, जहां कोई जाति नहीं है, सिर्फ सनातनी ही दिखाई दे रहे हैं।

उन्होंने कहा कि देश में जब-जब जाति के नाम पर लोग बंटे हैं, तब-तब विदेशी आक्रांताओं ने यहां शासन किया है। इसलिए, देश पर भी खतरा मंडराया है। मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का धन्यवाद करूंगा, जिन्होंने भारत की जनता को राष्ट्रवाद की ओर ले जाने का प्रयास किया है।

भाजपा नेता ने संगम के पानी की गुणवत्ता पर उठ रहे सवालों का भी जवाब दिया। उन्होंने कहा, “जो लोग संगम और गंगा के पानी की निर्मलता या शुद्धता पर सवाल उठाते हैं, मुझे लगता है कि यह उनकी राजनीतिक समस्या है। मैंने खुद संगम में स्नान किया और उसका पानी पीया भी है। इतना ही नहीं, संगम के पानी को घर लेकर भी आया हूं और रोजाना उसे पीता हूं, मुझे तो कोई परेशानी नहीं है। शायद जिन लोगों को पता नहीं है, मैं उन्हें बता दूं कि पूरी दुनिया में लोग सिर्फ सरफेस वाटर को ही इस्तेमाल करते हैं। कुछ बेवकूफ होते हैं, जो हर चीज में राजनीति देखते हैं, लेकिन सीएम योगी ने कहा है कि गंगा का पानी हमेशा से निर्मल रहा है, जो पीने योग्य भी है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.