कांग्रेस ने कठुआ की घटना पर अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) की प्रमुख क्रिस्टीन लेगार्द के हालिया बयान का हवाला लेते देते हुए आज नरेंद्र मोदी सरकार पर निशाना साधा और कहा कि 2014 में देश की जनता ने इसलिए वोट नहीं दिया था कि उनकी सुरक्षा से समझौता हो। कांग्रेस के महासचिव अशोक गहलोत ने आज क्रिस्टीन लेगार्द के बयान को पोस्ट करते हुए ट्वीट किया,”जिस भारत की परिकल्पना को लेकर लोगों ने वोट किया था वो यह भारत नहीं है। लोगों ने इसलिए वोट नहीं किया था कि उनकी सुरक्षा से समझौता हो।”
उन्होंने कहा, “महिलाओं की सुरक्षा एक बड़ा मुद्दा है और इसका सबसे पहले निदान होना चाहिए।” गौरतलब है कि लेगार्द ने कठुआ में आठ साल की बच्ची से बलात्कार और हत्या की घटना को वीभत्स करार दिया था और कहा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं भारत के अधिकारियों को महिला सुरक्षा के मुद्दे पर अधिक ध्यान देना चाहिए। हालांकि उन्होंने यह भी कहा था कि यह उनकी निजी राय है।
गहलोत ने पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ने को लेकर भी मोदी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “ऐसा लगता है कि मोदी सरकार में आम लोगों की पीड़ा खत्म नहीं होने वाली है। भारत में ईंधन की कीमतों में बेतहाशा बढ़ोतरी से रोजमर्रा के जीवन में उपयोग की हर वस्तु पर असर पड़ रहा है। नकदी संकट के बाद यह दोहरी मार है।”
अधिक जानकारियों के लिए बने रहिये पंजाब केसरी के साथ।


Download Android App
Download iOS App



