PM मोदी ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर नारी शक्ति को किया सलाम, राष्ट्रपति ने भी दी बधाई

Summary :

PM ने कहा, अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर हम नारी शक्ति को सलाम करते हैं। हमें गर्व है कि हमने अनेक ऐसे निर्णय लिये हैं जिससे महिला सशक्तिकरण हुआ है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर नारी शक्ति को सलाम करते हुए कहा कि उनकी सरकार ने महिलाओं के सशक्तिरण के लिए अनेक निर्णय लिए हैं जिस पर उन्हें गर्व है। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर अपने संदेश में मोदी ने कहा, ”अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर हम नारी शक्ति को सलाम करते हैं। हमें गर्व है कि हमने अनेक ऐसे निर्णय लिये हैं जिससे महिला सशक्तिकरण हुआ है।”

प्रधानमंत्री ने अपने ट्वीट के साथ न्यू इंडिया4 नारी शक्ति शीर्षक से वीडियो भी जारी किया । उन्होंने अपने ट्वीट में कहा, ”प्रत्येक भारतीय को विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं की अभूतपूर्व उपलब्धियों पर गर्व है।” पीएम के अलावा राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भी अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर भारत और विश्व की महिलाओं को बधाई दी है।

उन्होंने ट्वीट कर लिखा, ”अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर भारत और विश्व की समस्त महिलाओं को मेरी बधाई। महिलाएं समाज का आधार और परिवार एवं राष्ट्र की प्रेरणा-स्रोत होती हैं। आइए, हम एक ऐसा भविष्य बनाएं जिसमें हर महिला और बेटी को समान अवसर सुनिश्चित हो सके।”

ramnath kovind tweet

उल्लेखनीय है कि हर साल आठ मार्च अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के रूप में मनाया जाता है ।

Desk Team