PM मोदी और उपराष्ट्रपति नायडू ने देशवासियों को दी ईद-उल-अजहा की शुभकामनाएं

Summary :

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने देशवासियों को ईद-उल-अजहा की शुभकामनाएं दी। ईद-उल-अजहा को कुर्बानी का त्योहर भी कहते हैं।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने देशवासियों को ईद-उल-अजहा की शुभकामनाएं दी। ईद-उल-अजहा को कुर्बानी का त्योहर भी कहते हैं। पूरे देश में हर्षोउल्लास के साथ इसे मनाया जा रहा है। पीएम मोदी उम्मीद जताई कि यह पर्व ‘‘न्यायपूर्ण,समरसतापूर्ण और एक समावेशी’’ समाज के निर्माण के लिए हमें प्रेरित करेगा। 


मोदी ने ट्वीट किया,‘‘ईद मुबारक। ईद-उल-अजहा पर बधाई। यह दिन हमें न्यायपूर्ण,समरसतापूर्ण और एक समावेशी समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करे।’’ उन्होंने कहा कि भाईचारे और करुणा की भावना आगे बढ़े। उपराष्ट्रपति ने कहा कि ईद-उल-अजहा ईश्वर के प्रति असीम भक्ति और असीम करुणा दिखाने तथा सर्वशक्तिमान की रचना के प्रति प्यार जताने का उत्सव है। 

उन्होंने कहा, ‘‘त्योहार हमें सहानुभूति रखने, त्याग करने और शांति तथा भाईचारे को बढ़ावा देने का संदेश देता है। ’’ नायडू ने कहा कि चूंकि भारत और दुनिया कोविड-19 महामारी से लड़ रही है इसलिए हमें अपने सभी पारंपरिक त्योहार घर पर ही और सादगीपूर्ण तरीके से मनाना पड़ रहा है । उन्होंने कहा, ‘‘ऐसी परिस्थितियों में हमें सादगी से ही पर्व मनाना होगा और सभी उत्सवों पर मास्क पहनकर, सामाजिक दूरी का कड़ाई से पालन करना होगा और निजी सुरक्षा का ध्यान रखना होगा।’’ 

Desk Team