PM Modi Indonesia Highest Civilian Honour : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के साथ जकार्ता में प्रतिनिधिमंडल स्तर की द्विपक्षीय वार्ता की. इस उच्च स्तरीय बैठक का मुख्य उद्देश्य दोनों देशों के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी को एक नई गति देना और द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा करना था.
वार्ता के बाद दोनों नेताओं की मौजूदगी में कई महत्वपूर्ण सहमति पत्रों (MoUs) का आदान-प्रदान हुआ. इसी बीच एक बड़े घटनाक्रम में राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने संयुक्त प्रेस वक्तव्य के दौरान घोषणा की कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इंडोनेशिया के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘बिन्तांग आदिपूर्णा’ से सम्मानित किया गया है.
प्रेसिडेंट हाउस में भव्य स्वागत

इससे पहले जकार्ता स्थित राष्ट्रपति भवन ‘इस्ताना मरदेका’ पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी का औपचारिक और बेहद भव्य स्वागत किया गया. कार्यक्रम की शुरुआत में दोनों राष्ट्रप्रमुखों ने अपने-अपने डेलिगेशन के सदस्यों का एक-दूसरे से परिचय कराया, जो दोनों देशों के बीच गहरी दोस्ती को दर्शाता है. पीएम मोदी ने राष्ट्रपति भवन की विजिटर्स बुक में हस्ताक्षर भी किए.
द्विपक्षीय बैठकों के बाद प्रधानमंत्री जकार्ता स्थित इंडोनेशियाई संसद का भी दौरा करेंगे, जहां दोनों देशों के बीच संसदीय सहयोग बढ़ाने पर चर्चा होगी. इसके बाद वे वहां रह रहे प्रवासी भारतीयों के एक सामुदायिक कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे और उनके साथ बातचीत करेंगे.
तीन देशों की यात्रा का पहला पड़ाव

प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के विशेष निमंत्रण पर सोमवार को ही तीन दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर जकार्ता पहुंचे थे. इस तीन देशों के दौरे में इंडोनेशिया उनका पहला पड़ाव है. इस सप्ताह के अंत में पीएम मोदी अपनी इस कूटनीतिक यात्रा के अगले चरणों के लिए ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के लिए रवाना होंगे. इस यात्रा से व्यापार, सुरक्षा और सांस्कृतिक क्षेत्रों में आपसी सहयोग और मजबूत होने की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें – राम मंदिर ट्रस्ट को अब तक मिली 3,200 करोड़ रुपये की आय, खर्च के बाद शेष हैं 1,800 करोड़ : स्वामी गोविंद देव गिरि


Download Android App
Download iOS App




