ऋषि सुनक से मिले PM MODI भारत-ब्रिटेन संबंधों पर हुई चर्चा

Summary :

भारत-ब्रिटेन संबंधों को मजबूत करने पर पीएम मोदी और ऋषि सुनक की चर्चा

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को ब्रिटेन के पूर्व पीएम ऋषि सुनक और उनके परिवार से मुलाकात की।

दोनों नेताओं ने विभिन्न विषयों पर चर्चा की और प्रधानमंत्री मोदी ने ऋषि सुनक को भारत का अच्छा मित्र बताया।

ऋषि सुनक के साथ उनकी पत्नी अक्षता मूर्ति, बेटियां कृष्णा और अनुष्का तथा सास सुधा मूर्ति भी थीं, जो राज्यसभा सांसद हैं।

पीएम मोदी ने मुलाकात की तस्वीरों को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर करते हुए लिखा, “ब्रिटेन के पूर्व पीएम ऋषि सुनक और उनके परिवार से मिलकर खुशी हुई। हमने कई विषयों पर अच्छी बातचीत की। सुनक भारत के बहुत अच्छे मित्र हैं और भारत-ब्रिटेन संबंधों को और भी मजबूत बनाने के इच्छुक हैं।”

मंगलवार को ऋषि सुनक भी अपनी पत्नी और बच्चों के साथ संसद भवन पहुंचे। उनके साथ राज्यसभा सांसद सुधा मूर्ति भी थीं। इस दौरान लोकसभा महासचिव उत्पल कुमार सिंह ने संसद भवन परिसर में ऋषि सुनक का स्वागत किया।

इससे पहले ऋषि सुनक ने नई दिल्ली में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मुलाकात की।

वित्त मंत्रालय ने एक्स पोस्ट पर लिखा, “केंद्रीय वित्त एवं कॉर्पोरेट मामलों की मंत्री निर्मला सीतारमण ने आज नई दिल्ली में ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री ऋषि सुनक से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने बाजार आधारित वित्तीय संबंधों को मजबूत करने और आर्थिक विकास को गति देने के लिए संभावित नए रास्तों पर चर्चा की। निर्मला सीतारमण ने ग्लोबल साउथ के लाभ के लिए आपसी हितों के मुद्दों को जी-7 एजेंडे में लाने के लिए राष्ट्रमंडल का लाभ उठाने के महत्व पर बल दिया।”

इससे पहले, 17 फरवरी को सुनक ने दिल्ली में विदेश मंत्री एस. जयशंकर से मुलाकात की थी।

मुलाकात के बाद एस. जयशंकर ने कहा कि वह भारत-ब्रिटेन संबंधों को मजबूत करने में सुनक के समर्थन की सराहना करते हैं।

एक्स पर एक पोस्ट में उन्होंने कहा, “आज दिल्ली में ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री ऋषि सुनक से मिलकर अच्छा लगा। भारत-ब्रिटेन संबंधों को मजबूत करने के लिए उनके निरंतर समर्थन की सराहना करता हूं।”

–आईएएनएस

एकेएस/एकेजे

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.