PM Modi News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और यूरोपियन कमीशन की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने भारत मंडपम में आयोजित भारत-यूरोपीय संघ बिजनेस फोरम को संबोधित किया। इस कार्यक्रम में दोनों नेताओं ने हाल ही में हुई ऐतिहासिक फ्री ट्रेड डील को भारत और यूरोप के रिश्तों के लिए नया अध्याय बताया। पीएम मोदी ने अपने भाषण में बिना किसी का नाम लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नीतियों पर निशाना साधा।इसके साथ ही उन्होंने वैश्विक राजनीति में बढ़ते दबावों और व्यापारिक हथकंडों की ओर इशारा किया।
उन्होंने कहा कि आज दुनिया में व्यापार, तकनीक और महत्वपूर्ण खनिजों का इस्तेमाल रणनीतिक हथियार की तरह किया जा रहा है। ऐसे समय में भारत और यूरोपीय संघ के बीच हुई यह डील एक सकारात्मक बदलाव की शुरुआत है। बता दें कि अमेरिकी राष्ट्रपति की टैरिफ नीतियों से ग्लोबल ट्रेड उथल-पुथल के दौर देखा जा रहा है. ट्रंप बार बार ग्रीनलैंड पर कब्जा करने की धमकी दे रहे हैं, जिसके पीछे का उद्देश्य वहां मौजूद रेयर अर्थ मिनरल्स को खत्म करना है।

PM Modi News: भारत और यूरोप के बीच बढ़ता निवेश
प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि यूरोपीय संघ में भारतीय कंपनियों का निवेश करीब 40 अरब यूरो तक पहुंच चुका है। वहीं भारत में भी हजारों यूरोपीय कंपनियां काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि आज दोनों क्षेत्रों के बीच रिसर्च, मैन्युफैक्चरिंग और सेवाओं के क्षेत्र में मजबूत साझेदारी बन चुकी है। कारोबारी जगत इस सहयोग को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभा रहा है।
India-EU Free Trade Deal: किसानों और उद्योगों को मिलेगा सीधा फायदा
पीएम मोदी ने बताया कि फ्री ट्रेड एग्रीमेंट से भारत के कई श्रम-आधारित उद्योगों को यूरोप के बाजार में आसानी से पहुंच मिलेगी। इसमें कपड़ा उद्योग, रत्न और आभूषण, ऑटो पार्ट्स और इंजीनियरिंग सामान शामिल हैं। इसके अलावा फल, सब्जियां, प्रोसेस्ड फूड और समुद्री उत्पादों के लिए भी नए अवसर खुलेंगे। इससे किसानों और मछुआरों की आमदनी बढ़ने की उम्मीद है।

सर्विस सेक्टर को भी होगा लाभ
प्रधानमंत्री ने कहा कि इस समझौते से भारत के सेवा क्षेत्र को भी बड़ा फायदा मिलेगा। खासकर आईटी सेक्टर, शिक्षा, पारंपरिक चिकित्सा और बिजनेस सेवाओं में नई संभावनाएं बनेंगी। इससे रोजगार के नए मौके भी पैदा होंगे। पीएम मोदी ने ग्रीन हाइड्रोजन, सोलर एनर्जी और नई तकनीकों में संयुक्त निवेश और रिसर्च बढ़ाने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण, कृषि सुधार और सर्कुलर इकॉनमी जैसे क्षेत्रों में मिलकर समाधान तैयार किए जाने चाहिए। इसके साथ ही इलेक्ट्रिक वाहन, बैटरी और सेमीकंडक्टर जैसे क्षेत्रों में बाहरी निर्भरता कम करने पर भी चर्चा की।

नए युग की शुरुआत
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मौजूदा वैश्विक हालात में यह फ्री ट्रेड डील एक मजबूत और भरोसेमंद साझेदारी का संकेत है। उन्होंने इसे भारत और यूरोपीय संघ के रिश्तों में नए युग की शुरुआत बताया। पीएम मोदी के अनुसार, पिछले दस वर्षों में भारत और यूरोप के बीच व्यापार दोगुना होकर लगभग 180 अरब यूरो तक पहुंच गया है। आज भारत में 6,000 से ज्यादा यूरोपीय कंपनियां काम कर रही हैं, जबकि यूरोप में करीब 1,500 भारतीय कंपनियां सक्रिय हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि यह साझेदारी आने वाले वर्षों में और मजबूत होगी और दोनों पक्षों को इसका बड़ा लाभ मिलेगा।


Download Android App
Download iOS App




