आज गुजरात दौरे पर PM मोदी, राष्ट्रीय नमक सत्याग्रह मेमोरियल को राष्ट्र को करेंगे समर्पित

Summary :

पीएम मोदी आज सूरत में नए एयरपोर्ट टर्मिनल और दांडी में राष्ट्रीय नमक सत्याग्रह मेमोरियल के उद्घाटन के अलावा कुछ अन्य कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस माह अपने गृह प्रदेश गुजरात के दूसरे दौरे पर बुधवार को आयेंगे और इस दौरान सूरत में 354 करोड़ रूपये की लागत से बनने वाले नए एयरपोर्ट टर्मिनल के उद्घाटन और ऐतिहासिक दांडी में राष्ट्रीय नमक सत्याग्रह मेमोरियल के उद्घाटन के अलावा कुछ अन्य कार्यक्रमों में भी शिरकत करेंगे।

पीएम मोदी अपने एक दिन के दौरे के दौरान पहले सूरत पहुंचेगे और वहां एयरपोर्ट टर्मिनल के शिलान्यास के अलावा वही नया भारत युवा सम्मेलन में भी भाग लेंगे और एक निजी अस्पताल का उद्घाटन भी करेंगे।

modi

इसके बाद वह समीपवर्ती नवसारी जिले के समुद्र तटीय गांव दांडी जायेंगे जहां महात्मा गांधी ने ब्रिटिशकालीन नमक कानून तोड़ने के लिए 1930 में अहमदाबाद से की गई अपनी ऐतिहासिक 241 मील लंबी दांडी यात्रा का समापन किया था। पीएम वहां उस घटना की याद में बनाये गए राष्ट्रीय नमक सत्याग्रह मेमोरियल को बापू की पुण्यतिथि के मौके पर राष्ट्र को समर्पित करेंगे। वह वहां एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

ज्ञातव्य है कि सूरत में बनने वाले नए एयरपोर्ट टर्मिनल को 25500 वर्ग मीटर क्षेत्र में निर्मित किया जायेगा। अधिकतम 1800 यात्री क्षमता वाले इस टर्मिनल में सौर ऊर्जा और एलईडी प्रणाली का भरपूर इस्मेमाल हेगा। पीएम मोदी इससे पहले 17 से 19 जनवरी तक गुजरात के दौरे पर थे जब उन्होंने वाइब्रेंट गुजरात सम्मेलन के उद्घाटन के अलावा राजधानी गांधीनगर, अहमदाबाद और सूरत में कई कार्यक्रमों में शिरकत की थी।

Desk Team