दिल्ली में भूकंप के बाद पीएम मोदी की अपील, ‘शांत रहें और सतर्क रहें’

Summary :

भूकंप के झटकों के बाद पीएम मोदी की दिल्लीवासियों से अपील

दिल्ली और आसपास के इलाकों में सोमवार सुबह भूकंप के तगड़े झटके महसूस किए गए। इसे लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी से शांत रहने और सुरक्षा सावधानियों का पालन करने तथा संभावित झटकों के प्रति सतर्क रहने की अपील की है। पीएम मोदी ने एक्स पोस्ट में लिखा, “दिल्ली और आस-पास के इलाकों में भूकंप के झटके महसूस किए गए। सभी से शांत रहने और सुरक्षा सावधानियों का पालन करने तथा संभावित झटकों के प्रति सतर्क रहने का आग्रह किया गया है। अधिकारी स्थिति पर कड़ी नजर रख रहे हैं।

वहीं, आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने अपने एक्स पोस्ट में लिखा, “मैं सभी के सुरक्षित रहने की प्रार्थना करता हूं। दिल्ली की पूर्व सीएम आतिशी ने अपने पोस्ट में लिखा, “दिल्ली में अभी एक जोर का भूकंप आया। भगवान से प्रार्थना करती हूं कि सब सुरक्षित होंगे। दिल्ली पुलिस ने भी एक्स पर लिखा, “हम उम्मीद करते हैं कि आप सभी सुरक्षित हैं। आपातकालीन सहायता के लिए 112 डायल करें। बता दें कि भूकंप सुबह 5.37 बजे के करीब आया। झटके इतने तेज थे कि इमारतें हिलने लगीं और लोग अपने घरों से बाहर निकल गए। पेड़ों पर बैठे पक्षी भी तेज आवाज के साथ इधर-उधर उड़ने लगे।

राष्ट्रीय भूकंप केंद्र के अनुसार, एक भूकंप ने नई दिल्ली को हिलाया, जिसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 4.0 मापी गई। इसका केंद्र जमीन से महज पांच किलोमीटर की गहराई पर, 28.59 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 77.16 डिग्री पूर्वी देशांतर पर स्थित था। भूकंप की कम गहराई और इसका केंद्र दिल्ली में होने के कारण, दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में इसका अधिक प्रभाव महसूस किया गया। काफी समय बाद भूकंप का केंद्र दिल्ली में आया, जिससे यहां के लोगों को काफी देर तक झटके महसूस हुए। एनसीएस ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से भूकंप की पुष्टि की और कहा, “मैग्नीट्यूड का भूकंप: 4.0, दिनांक: 17/02/2025 05:36:55 IST, अक्षांश: 28.59 उत्तर, देशांतर: 77.16 पूर्व, गहराई: 5 किमी।”

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.