प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन पर आधारित फिल्म ‘पीएम नरेंद्र मोदी’ का प्रदर्शन अनिश्चित काल के लिए टल गया है। फिल्म के निर्माता संदीप सिंह ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। फिल्म का प्रदर्शन देशभर में 5 अप्रैल को प्रस्तावित था। केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) के सूत्रों ने कहा कि फिल्म को अभी मंजूरी मिलना शेष है। फिल्म का शुरू में प्रदर्शन 12 अप्रैल को होना था, लेकिन निर्माता ने ‘लोगों की मांग’ का दावा करते हुए प्रदर्शन की तारीख को पहले कर दिया था।
सिंह ने गुरुवार को ट्वीट कर कहा ‘‘इस बात की पुष्टि की जाती है कि हमारी फिल्म ‘पीएम नरेंद्र मोदी’ 5 अप्रैल को प्रदर्शित नहीं हो रही है। जल्द अगली जानकारी देंगे।’ हालांकि, उन्होंने इसके अलावा जानकारी नहीं दी। सेंसर बोर्ड के सूत्रों के अनुसार सीबीएफसी से प्रमाणपत्र हासिल करने की प्रक्रिया अभी जारी है। सेंसर बोर्ड के एक सूत्र ने पीटीआई-भाषा को बताया कि फिल्म को अभी प्रमाण पत्र नहीं मिला है।
इसकी प्रक्रिया अभी जारी है। ‘मैरी कॉम’ के निर्माता उमंग कुमार ने इस फिल्म का निर्देशन किया है, जबकि विवेक ओबराय मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म लगातार चर्चाओं में थी क्योंकि कई राजनीतिक दलों का कहना कि पहले चरण के मतदान से एक हफ्ते पहले फिल्म के प्रदर्शन से भाजपा को चुनाव में लाभ मिलेगा। कांग्रेस ने तो फिल्म के प्रदर्शन को लेकर चुनाव आयोग से औपचारिक तौर पर शिकायत भी की थी। देश में 11 अप्रैल से लेकर 19 मई तक सात चरणों में लोकसभा चुनाव के लिये मतदान होगा।


Download Android App
Download iOS App



