कोलकाता : पश्चिम बंगाल के राज्यपाल केसरीनाथ त्रिपाठी ने कहा कि वह सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलकर दोबारा देश का प्रधानमंत्री बनने के लिए उन्हें बधाई देंगे।
राज्यपाल ने उन खबरों को खारिज कर दिया जिसमें यह कहा जा रहा था कि वह चुनाव के बाद पश्चिम बंगाल की मौजूदा स्थिति के बारे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जानकारी देंगे।
हालांकि उन्होंने उत्तरी 24 परगना जिले में शनिवार को तृणमूल कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प पर चिंता व्यक्त की। इस हिंसा में चार लोगों की मौत हुई है।
त्रिपाठी ने पीटीआई-भाषा को फोन पर बताया, ‘‘ मैंने प्रधानमंत्री से उन्हें लोकसभा चुनाव जीतने और प्रधानमंत्री बनने की बधाई देने के लिए मिलने का समय मांगा था। मैं यहां इसलिए ही आया हूं।’’
मीडिया में ऐसी खबरें आईं थी कि वह मोदी के साथ अपनी बैठक के दौरान एक रिपोर्ट भी सौंपेंगे।
राज्यपाल ने कहा, ‘‘ ऐसी कोई चीज तय नहीं है। दरअसल मुझे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दिल्ली जाकर बधाई देने का समय नहीं मिल पाया था। मैंने उनसे बातचीत के लिए समय मांगा और मुझे कल का समय मिला है।’’
हालांकि उन्होंने शनिवार को हुई हिंसा में मारे गए लोगों और उनके परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की।


Download Android App
Download iOS App



