स्विट्जरलैंड के अधिकारियों ने दो अरब डॉलर से अधिक पीएनबी धोखाधड़ी मामले में मुख्य आरोपी नीरव मोदी और उसकी बहन के चार स्विस खातों से लेनदेन पर रोक लगा दी है। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। भारत में नीरव मोदी के खिलाफ चल रहे आपराधिक धन शोधन मामले में ये कार्रवाई की गयी है।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि वर्तमान में इन खातों में कुल 283.16 करोड़ रुपये जमा है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अनुरोध पर स्विटजरलैंड के अधिकारियों ने इन बैंकों के परिचालन पर रोक लगायी है। ईडी ने कहा कि दोनों ने भारत में बैंक धोखाधड़ी से अर्जित राशि इन बैंक खातों में जमा करायी है।
वीडियो लिंक के जरिए ब्रिटेन की अदालत में पेश होगा भगोड़ा हीरा कारोबारी नीरव मोदी
उसके मुताबिक ईडी ने कुछ समय पहले स्विस अधिकारियों से इस बाबत अनुरोध किया था और धनशोधन रोकथाम अधिनियम (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत आधिकारिक तौर पर अनुरोध भेजा था। सूत्रों के मुताबिक बैंक धोखाधड़ी मामले में लंदन में गिरफ्तार नीरव मोदी के खाते में 3,74,11,596 डॉलर जमा है जबकि उसकी बहन पूर्वी मोदी के खाते में 27,38,136 पौंड (जीबीपी) जमा हैं।
उनके मुताबिक कुल जमा 283.16 करोड़ रुपये के आसपास है। इस बात की उम्मीद है कि केंद्रीय जांच एजेंसी अब पीएमएलए के तहत इन बैंक खातों को कुर्क करने की दिशा में कदम उठाएगी। प्रवर्तन निदेशालय और केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) पंजाब नेशनल बैंक को 13,000 करोड़ रुपये का चूना लगाने के मामले में नीरव मोदी और उसके मामा मेहुल चोकसी और अन्य के खिलाफ धनशोधन एवं भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच कर रहे हैं।
इस कथित घोटाले का खुलासा पिछले वर्ष हुआ था। ईडी ने मुंबई की एक अदालत में दाखिल किये गए अपने आरोपपत्र में पूर्वी मोदी का नाम भी आरोपी के रूप में शामिल किया है।


Download Android App
Download iOS App



